पैनल खराब होने से पेयजल संकट, ग्रामीण हो रहे परेशान

20 दिनों से नहीं मिल पा रहा पेयजल

बरियारपुर. प्रशासनिक लापरवाही कहें या सिस्टम में दोष, हर परिस्थिति में आमलोगों को ही खामियाजा भुगतना पड़ता है. मामला इटहरी पंचायत के वार्ड संख्या-16 का है, जहां सरकार की महत्वाकांक्षी योजना हर घर नल-जल में सबमर्सिबल के लिए लगा पैनल खराब हो गया है. इसके कारण ग्रामीणों को 20 दिनों से पेयजल नहीं मिल पा रहा है. इस भीषण गर्मी में आमलोग पानी के लिए त्राहिमाम कर रहे हैं. पेयजल से वंचित ललिता देवी, जयमाला देवी, रुक्मिणी देवी, सोनी देवी, रूबी देवी, सुरेश शर्मा, रंजीत मंडल, पंच मनोहर, शशि भूषण मंडल, पंकज मंडल ने बताया कि इस पेयजल मीनार से हमलोगों को बार-बार पेयजल मिलने में परेशानी हो रही है. आये दिन इसका पैनल बोर्ड व मशीन खराब हो जाता है. हमलोग आपस में चंदा कर इसे ठीक करवाते हैं, लेकिन दो-चार दिन ठीक चलता है फिर खराब हो जाता है. ऐसे में ग्रामीणों के समक्ष पेयजल की समस्या उत्पन्न हो गयी है. अब स्थिति यह हो गयी है कि दूरदराज से पानी लाकर अपनी प्यास बुझानी पड़ रही है. ग्रामीणों की मानें तो पीएचईडी द्वारा इस जलमीनार को संचालित किया जाता है. बावजूद इसे ठीक नहीं कराया जा रहा है. इस समस्या से वार्ड सदस्य को भी कोई मतलब नहीं है. यही कारण है कि पिछले 20 दिनों से पानी की समस्या से ग्रामीण जूझ रहे हैं. इधर पीएचईडी के कनीय अभियंता तरुण कुमार को जानकारी दी गयी, तो उन्होंने कहा कि मशीन खराब होने की सूचना नहीं मिली है. अब जानकारी हुई है, मशीन को शीघ्र दुरुस्त करने के लिए मिस्त्री को भेजा जायेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Anand kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >