लातेहार. पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर भारतीय जनता पार्टी ग्रामीण मंडल के अध्यक्ष प्रमोद प्रसाद की अध्यक्षता में सदर प्रखंड के पांडेयपुरा पंचायत अंतर्गत बूथ संख्या-193 किनामाड़ गांव में कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा जिला अध्यक्ष पंकज सिंह थे. श्री सिंह ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रखर राष्ट्रभक्त, एकात्म मानववाद के प्रणेता और महान चिंतक थे. वे करोड़ों लोगों के मार्गदर्शक थे. उन्होंने राजनीति की सुचिता और पारदर्शिता को अपने जीवन में उतारते हुए समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के उत्थान के लिए कार्य किया. उनका अंत्योदय का विचार सामाजिक समरसता और समग्र विकास का मार्ग बना. उन्होंने कहा कि इस महान विभूति से प्रेरणा लेकर हमें समाज में सेवा भाव के साथ कार्य करना चाहिए. इससे पूर्व पंडित दीनदयाल उपाध्याय की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गयी. इधर, भाजपा जिला कार्यालय में भी पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर कार्यक्रम हुआ. मौके पर प्रदेश सदस्य राजधानी प्रसाद यादव, जिला उपाध्यक्ष राकेश दुबे, संजय सिंह, विष्णु गुप्ता, आनंद सिंह, गोविंद प्रसाद, अश्विनी सिंह, विवेक चंद्रवंशी, उत्तम प्रसाद समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
