Motihari : ठनका गिरने से दो की मौत, दो घायल

प्रखंड क्षेत्र के दो अलग-अलग इलाके में ठनका गिरने से दो लोगों की मौत हो गयी है.

हरसिद्धि . प्रखंड क्षेत्र के दो अलग-अलग इलाके में ठनका गिरने से दो लोगों की मौत हो गयी है, जबकि दो लोगों के घायल होने की खबर है. घटना में प्रखंड के घिउवाढ़ार पंचायत के वार्ड नंबर 2 में 58 वर्षीय हीरा यादव तथा इसी पंचायत के लौकरिया वार्ड नंबर 11 में रमेश राम के पुत्र नीतीश कुमार की मौत हो गयी. जबकि रामायण पासवान और नगीना पासवान घायल हो गए. मुखिया वीरेंद्र कुमार एवं कृतपुर पंचायत के पूर्व पंचायत समिति सदस्य संजय यादव ने बताया कि कृतपुर पंचायत के गोइथाहा गांव वार्ड नंबर पांच निवासी हीरा यादव सुबह दही बेचने के लिए घीवाढार जा रहे थे. इसी बीच बरसात शुरू हुई और बिजली चमकने लगी तो रास्ते में एक झोपड़ी में छुप गए. वहीं पर घीवाढार गांव वार्ड नंबर 2 निवासी रामायण पासवान 60 वर्ष और नगीना पासवान 50 वर्ष छुपे हुए थे. अचानक ठनका गिरने से हीरा यादव की मौत घटनास्थल पर ही हो गई जबकि रामायण पासवान और नगीना पासवान दोनों घायल हो गए. दोनों का इलाज चल रहा है. मुखिया वीरेंद्र कुमार ने बताया कि दोनों घायलों की स्थिति ठीक है. वे लोग खतरे से बाहर हैं. मुखिया वीरेंद्र कुमार ने बताया कि उन्हीं के पंचायत के लौकरिया गांव वार्ड नंबर 11 में एक 15 वर्षीय किशोर रमेश राम के पुत्र नीतीश कुमार की मौत ठनका गिरने से हो गई. इस संबंध में थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर सर्वेंद्र कुमार सिन्हा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही एसआई राजेश कुमार को पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर भेजा गया और दोनों शव को पुलिस कब्जे में लेकर जांच उपरांत पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल भेज दिया गया है.

मौत की खबर पहुंचते ही मचा कोहराम

थाना क्षेत्र के घीवाढार पंचायत में ठनका गिरने से दो लोगों की मौत की खबर जैसे ही उनके घर पहुंची कि उनके घर में कोहराम मच गया. वहीं गांव में मातमी सन्नाटा छा गया. प्रकृति की लीला ऐसी हुई कि दोनों घटनाएं एक ही पंचायत में हुई ,लेकिन दोनों मृतक अलग-अलग गांव के हैं. मृतक हीरा यादव के दो पुत्र मंतोष कुमार और कमलेश कुमार हैं. मृतक की पत्नी लाल झारी देवी का रोते-रोते बुरा हाल हो गया है. वहीं पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है. नीतीश के पिता बाहर मजदूरी करने गए हैं. घर में उसकी मां और भाई हैं पूरे परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है. मुखिया वीरेंद्र कुमार एवं कृतपुर पंचायत के पूर्व पंचायत समिति सदस्य संजय यादव स्थानीय ग्रामीण स्वतंत्र यादव ने प्रशासन से दोनों मृतक के परिवार के लिए उचित मुआवजे की मांग की है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >