रायडीह. रायडीह प्रखंड के सुरसांग पुलिस ने दो अलग-अलग केस में दो फरार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. सुरसांग थाना प्रभारी अनिकेत कुमार गुप्ता ने बताया कि पहला अभियुक्त जरजट्टा सुरसांग निवासी चरकू चीक बड़ाइक (30) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. चरकू चीक बड़ाइक पर आरोप था कि जितिया बासी में गांव के ही एक युवक राजेश खड़िया से कुछ आपसी विवाद हुआ था, जिसमें चरकू चीक बड़ाइक ने लाठी डंडा से पीट कर राजेश खड़िया की हत्या कर दी थी. इसके तहत चरकू चीक बड़ाइक के विरुद्ध सुरसांग थाना में प्राथमिकी दर्ज करते हुए कांड संख्या 13/25 दर्ज कर लिया गया था. धारा 103(1) भी एनएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया. वहीं दूसरा अभियुक्त बंबलकेरा थाना सुरसांग निवासी अकालू बिंझिया (59) है, जिसके विरुद्ध एसटी संख्या 287/17 व सुरसांग थाना कांड संख्या 08/17 धारा 376/34 भादवि के गैर जमानतीय वारंटी अभियुक्त था. जो लंबे समय से फरार चल रहा था. जिसे गिरफ्तार कर गुरुवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. उस पर एक लड़की से दुष्कर्म करने का आरोप है.
घर में चोरी का असफल प्रयास
भरनो. प्रखंड में इन दिनों चोरों का हौसला बुलंद होने लगा है. बुधवार को दिनदहाड़े राजपूत मोहल्ला में शिक्षक व डॉक्टर के घरों में घुस कर चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया. वहीं उसी रात दो बजे ब्लॉक चौक निवासी गणेश साहू के घर में अज्ञात चोर चैनल का ताला तोड़ कर घर में घुसे. उस समय घर में गणेश, उसकी पत्नी व बच्चे सोये थे. चोरों ने जब अलमारी खोलने का प्रयास किया, तो आवाज सुन कर गणेश की पत्नी जग गयी और शोर मचाया, जिससे चोर भाग गये और चोरी नहीं कर पायी. इसकी सूचना पुलिस को दी गयी. पुलिस के लिए चोरों को पकड़ना चुनौती बन गयी है. गणेश साहू ब्लॉक चौक पर ठेला लगा कर फास्ट फूड की दुकान चलाता है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
