बाइक और ट्रैक्टर की टक्कर में तीन लोग गंभीर रूप से घायल

बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई

मुरलीगंज एनएच-107 के नवनिर्मित मीरगंज बाइपास पर रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा हुआ. पेट्रोल पंप से तेल भरकर घर लौट रहे बाइक सवार की टक्कर सामने से आ रहे मिट्टी लदे ट्रैक्टर-ट्रेलर से हो गई. इस दुर्घटना में बाइक चालक समेत दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइपास का एक हिस्सा अधूरा है और केवल एक तरफ की सड़क से वाहनों का आवागमन हो रहा है. इसी बीच तेज रफ्तार ट्रैक्टर और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पर सवार तीनों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत सीएचसी मुरलीगंज लाया गया. वहां आपातकालीन कक्ष में मौजूद डॉ मुकेश पांडे और डॉ राजेश कुमार ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया. डॉक्टरों ने बताया कि दोनों महिलाओं के सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि युवक के पैर में गहरी चोट लगी है. घायलों की पहचान मुरलीगंज थाना क्षेत्र के तमौट परसा पंचायत वार्ड संख्या 8 निवासी मोहम्मद यूनुस के पुत्र मो. दिलशाद (19) के रूप में हुई है, जो बाइक चला रहा था. बाइक पर उनके साथ गांव की ही आशा देवी (40) और गौरी देवी (55) सवार थीं. तीनों पेट्रोल पंप से तेल भरवाकर अपने घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया. दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क पर गाड़ियों की तेज रफ्तार और अधूरे बाइपास निर्माण पर नाराजगी जताई. लोगों का कहना है कि अधूरे और असुरक्षित सड़क निर्माण के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Kumar Ashish

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >