Darbhanga News: दरभंगा. लनामिवि के स्नातकोत्तर क्रीड़ा परिषद की ओर से आयोजित इंटर कॉलेज महिला कबड्डी प्रतियोगिता का समापन समारोह पीजी भौतिकी विभाग के सेमिनार हॉल में हुआ. कुलपति प्रो. संजय कुमार चौधरी ने ऑनलाइन शामिल होकर कहा कि कबड्डी हमारी परंपरा और सामूहिकता का प्रतीक है. महिला खिलाड़ियों की सक्रिय भागीदारी समाज में नई प्रेरणा और ऊर्जा का संचार कर रही है. खेल पदाधिकारी अमृत कुमार झा ने कहा कि खेल से न केवल शरीर मजबूत होता है, बल्कि मानसिक दृढ़ता, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता भी विकसित होती है. डीएसडब्लू प्रो. अशोक कुमार मेहता ने कहा कि खेल हमें अनुशासन, एकजुटता और संघर्ष की भावना सिखाती है. हार-जीत तो खेल का हिस्सा है, लेकिन असली मायने हैं खेल भावना और टीम स्पिरिट. डब्ल्यूआइटी निदेशक प्रो. अजय नाथ झा ने कहा कि शिक्षा और खेल का संतुलन ही विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करता है. पीजी भौतिकी विभाग के प्रो. सुरेंद्र कुमार ने कहा कि खेल हमें गिरना और उठना दोनों सिखाते हैं. कार्यक्रम सचिव डॉ प्रियंका राय ने बताया कि 23-25 सितंबर तक चली प्रतियोगिता में एमआरजेडी कालेज बेगूसराय ने प्रथम, एसबीएसएस कालेज बेगूसराय द्वितीय, लनामिवि का स्नातकोत्तर क्रीड़ा परिषद तृतीय तथा एमएलएसएम कालेज दरभंगा ने चौथा स्थान प्राप्त किया. विजेता टीमों को ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गया. धन्यवाद ज्ञापन भौतिक विभागाध्यक्ष प्रो. नौशाद आलम ने किया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
