Darbhanga News: 125 यूनिट फ्री बिजली का आज से शिविर लगा विभाग करेगा प्रचार-प्रसार

Darbhanga News:मुख्यमंत्री विद्युत उपभोक्ता सहायता योजना के तहत उपभोक्ताओं को मिल रही 125 यूनिट मुफ्त बिजली का विभाग प्रचार-प्रसार कर लोगों को जागरूक करेगा.

Darbhanga News: दरभंगा. मुख्यमंत्री विद्युत उपभोक्ता सहायता योजना के तहत उपभोक्ताओं को मिल रही 125 यूनिट मुफ्त बिजली का विभाग प्रचार-प्रसार कर लोगों को जागरूक करेगा. प्रखंड स्तर पर शिविर के माध्यम से 25 सितंबर से लेकर एक अक्तूबर तक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा. इसकी तैयारी विभाग ने पूरी कर ली है. शिविर में 125 यूनिट फ्री बिजली एवं बिजली संबंधित सेवाओं की जानकारी दी जाएगी. शिविर में उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर से जुड़ी जानकारी भी दी जायेगी. साथ ही बिल से संबंधित शिकायत, बिल सुधार, नये कनेक्शन की प्रक्रिया, शिकायत निवारण, विद्युत सुरक्षा व उपभोक्ताओं के अधिकारों के बारे में बताया जायेगा. इस बाबत उर्जा सचिव मनोज कुमार सिंह ने अभियंताओं को आदेश दिया है. उर्जा सचिव ने कहा है कि उपभोक्ताओं को योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ दिलाना, उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिकता है. 26 सितंबर से 28 सितंबर तक सभी गांव, टोले और मोहल्लों में मोबाइल वैन और माइकिंग के माध्यम से जन-जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया है. इस दौरान उपभोक्ताओं को विद्युत सुरक्षा, योजनाओं की जानकारी और साइबर ठगी से बचाव संबंधी संदेश भी दिये जायेंगे. इसे लेकर 26 सितंबर को सभी विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल कार्यालय स्तर पर मुख्यमंत्री के संदेश वाले पंपलेट कर्मियों को उपलब्ध कराये जायेंगे. 27 सितंबर को जिला मुख्यालय एवं विद्युत आपूर्ति मंडल कार्यालयों में शिविर लगेगी. पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ तथा राज्य सरकार की ओर से कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं की छतों पर निःशुल्क सौर संयंत्र लगाने से संबंधित जानकारी दी जाएगी. शिविर में इसके लिए भी आवेदन भी किया जा सकता है. उर्जा सचिव ने 29 सितंबर से एक अक्तूबर तक राज्यभर के दुर्गा पूजा पंडालों और उत्सव स्थलों पर सेल्फी प्वाइंट, कैनोपी, सूचना स्टॉल और फ्लेक्स पोस्टरों के माध्यम से योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने, शिविरों में आने वाले प्रत्येक उपभोक्ता को व्यक्तिगत रूप से मार्गदर्शन करने एवं किसी भी समस्या के समाधान में ढिलाई नहीं बरतने के लिए कहा है. इन कार्यों की मॉनिटरिंग अधीक्षण अभियंता करेंगे. मुख्यालय स्तर से भी प्रत्येक गतिविधि की निगरानी की जायेगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Prabhat kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >