विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम, भाषण व कविताओं के माध्यम से शिक्षकों के प्रति जताया आभार, प्रधानाचार्य ने बतायी आचार्यों की भूमिका
कुड़ू, लोहरदगा : वनवासी कल्याण केंद्र की शैक्षिक इकाई श्रीहरि वनवासी विकास समिति, रांची द्वारा संचालित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर सलगी में शनिवार को शिक्षक दिवस समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर उन्हें नमन किया गया.
विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किये सांस्कृतिक कार्यक्रम
मौके पर विद्यालय के भैया-बहनों ने डॉ. राधाकृष्णन के सम्मान में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम, भाषण और कविताएं प्रस्तुत कीं. विद्यार्थियों ने अपने आचार्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं.
विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोहर साहू ने कहा कि आचार्य विद्यार्थियों के जीवन में मार्गदर्शक की भूमिका निभाते हैं. वे केवल शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि विद्यार्थियों में संस्कार, अनुशासन, नैतिकता और राष्ट्रभक्ति की भावना भी विकसित करते हैं.
कार्यक्रम में विद्यालय के सभी आचार्य-आचार्या, कर्मचारी और भैया-बहन उपस्थित रहे. कार्यक्रम का समापन शांति मंत्र के साथ हुआ.
