आभूषण व्यवसायी हत्याकांड में संदिग्ध गिरफ्तार

आभूषण व्यवसायी हत्याकांड में संदिग्ध गिरफ्तार

बौंसी. आभूषण व्यवसायी नवीन भुवनियां की हत्या मामले में पुलिस को सफलता हाथ लगी है. रविवार को पुलिस ने हत्या में शामिल एक संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया. इसके अलावा प्रखंड क्षेत्र के एक अन्य व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. गिरफ्तारी की खबर से शहर में लोगों ने राहत की सांस ली है, हालांकि दुकानदारों का कहना है कि जब तक सभी अपराधी पकड़े नहीं जाते और कठोर सजा नहीं मिलती, तब तक विरोध और आंदोलन जारी रहेगा.

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमारी अर्चना ने बताया कि संदिग्ध से गहन पूछताछ की जा रही है. पूछताछ के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान भी जल्द कर ली जायेगी. पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही पूरे गिरोह को पकड़ लिया जायेगा.

व्यवसायी की हत्या के बाद से शहर में गुस्से और तनाव का माहौल था. रविवार को विरोधस्वरूप बाजार बंद रहा. गिरफ्तारी के बाद स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने पुलिस की सराहना की, लेकिन साथ ही कहा कि जब तक पूरा गिरोह गिरफ्तार नहीं होता, न्याय अधूरा रहेगा. नवीन के परिजनों ने भी गिरफ्तारी पर संतोष जताया, लेकिन उनका कहना है कि इस घटना ने परिवार को पूरी तरह तोड़कर रख दिया है. अब उनकी उम्मीद केवल न्याय पर टिकी है.

एफएसएल टीम ने की जांच

रविवार को बांका से पहुंची एफएसएल टीम ने शिव ज्वैलर्स दुकान की जांच की. शनिवार की रात पुलिस ने दुकान से चार खोखा बरामद किए थे. एफएसएल पदाधिकारी आकांक्षा दीक्षित के नेतृत्व में टीम ने कई स्थानों से नमूने एकत्र किए. उम्मीद है कि रिपोर्ट से मामले की जांच में पुलिस को अहम सुराग मिलेंगे.

पत्नी के आवेदन पर दर्ज हुई प्राथमिकी

स्वर्ण व्यवसायी की पत्नी रीता भुवनियां ने बौंसी थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करायी है. उन्होंने बताया कि शनिवार की रात स्टेशन रोड स्थित दुकान में नकाबपोश अपराधियों ने घुसकर उनके पति पर गोली चला दी थी. गंभीर हालत में पहले स्थानीय अस्पताल और बाद में भागलपुर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी. आवेदन में उन्होंने अपराधियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SHUBHASH BAIDYA

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >