Bhubaneswar News: ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने रविवार को स्वशासन दिवस के अवसर पर राज्य में कई नयी अधिसूचित क्षेत्र परिषदों (एनएसी) और नगर पालिकाओं के गठन की घोषणा की. मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की इस पहल से शहरी और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में स्थानीय शासन और नागरिक सुविधाओं को मजबूत किया जा सकेगा.
बेहतर बुनियादी ढांचा व नागरिक सुविधाओं का होगा विकास
घोषणा के अनुसार, नयी एनएसी बलांगीर जिले में लोईसिंघा, सोहेला (बारगढ़), बड़ंबा, नरसिंहपुर और सालेपुर (कटक), गोंदिया (ढेंकनाल), जगन्नाथप्रसाद और पात्रपुर (गंजाम), चंडीखोल (जाजपुर), नरला और जयपटना (कालाहांडी), टांगी (खुर्दा), बोरीगुम्मा (कोरापुट) और कप्तिपाड़ा, जशीपुर और रसगोविंदपुर (मयूरभंज) हैं. इसके अलावा, मयूरभंज जिले के करंजिया, बौध (बौध) और भंजनगर, अस्का, छत्रपुर, कबिसूर्यनगर और पोलासरा (गंजाम) में नयी नगरपालिकाओं का गठन किया गया है. अधिकारियों ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य स्थानीय शासन को मजबूत करना और इन क्षेत्रों में बेहतर बुनियादी ढांचा, नागरिक सुविधाएं और सेवाएं प्रदान करना है. ओडिशा में वर्तमान में 115 शहरी स्थानीय निकाय हैं, जिनमें 62 एनएसी शामिल हैं. 16 अगस्त को जारी एक आधिकारिक अधिसूचना में 12 शहरों में एनएसी के गठन की घोषणा की गयी थी.
टोल फ्री नंबर-1929 जारी, घर बैठे मिलेंगी सुविधाएं
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने इस अवसर पर शहर साथी पहल की शुरुआत करते हुए टोल फ्री नंबर-1929 जारी किया. इससे लोगों को अब शहरी निकायों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा. केवल एक कॉल पर लोगों की शिकायतें, सवाल तथा सुझाव शहर साथी तक पहुंचेंगे. शहर साथी 24 घंटा लोगों की सेवा में रहेंगे. मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य लोगों को मौलिक सुविधाएं उपलब्ध कराकर उनका जीवन सहज व सरल बनाना है.
मुख्यमंत्री ने सीआरयूटी की डिजिटल मोबिलिटी पहल का शुभारंभ किया
स्वशासन दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने रविवार को राज्य में स्मार्ट, निर्बाध और समावेशी शहरी गतिशीलता शुरू करने के लिए राजधानी क्षेत्र शहरी परिवहन (सीआरयूटी) की कई डिजिटल पहलों का शुभारंभ किया. नयी डिजिटल पहलों में नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (एनसीएमसी), व्हाट्सएप-आधारित टिकटिंग, डिजिटल टिकटों पर विशेष छूट (सभी के लिए 10% और महिलाओं के लिए 15%) और आमो बस के सभी परिचालन क्षेत्रों में डिजिटल पास प्रणाली शामिल हैं. मुख्यमंत्री ने भुवनेश्वर में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में नयी सुविधाओं का शुभारंभ किया. इस कार्यक्रम में आवास एवं शहरी विकास मंत्री कृष्ण चंद्र महापात्रा और वरिष्ठ अधिकारियों सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
