Darbhanga News: महात्मा गांधी कॉलेज में प्राध्यापकों को अब मिलेगा हर माह 15 हजार मानदेय

Darbhanga News:महात्मा गांधी कॉलेज के शासी निकाय ने नवरात्र के अवसर पर सभी शिक्षकों को 2000 रुपये की वेतन वृद्धि दी है.

Darbhanga News: दरभंगा. महात्मा गांधी कॉलेज के शासी निकाय ने नवरात्र के अवसर पर सभी शिक्षकों को 2000 रुपये की वेतन वृद्धि दी है. अब कॉलेज के स्थायी शिक्षकों का वेतन प्रतिमाह 15 हजार रुपये कर दिया गया. इस बढोतरी से अब शिक्षाकर्मियों के वेतनादि पर आय का 87 प्रतिशत खर्च होगा. वेतन बढोतरी का लाभ सितंबर माह के भुगतान से लागू किया गया है. यह निर्णय गुरुवार को भूमि सुधार एवं राजस्व मंत्री सह शासी निकाय अध्यक्ष संजय सरावगी की अध्यक्षता में निकाय की हुई बैठक में लिया गया. अध्यक्ष संजय सरावगी ने निर्देश दिया कि पर्व को देखते हुए बढ़ोतरी के साथ इस माह का वेतन 29 सितंबर तक बैंक भेज दिया जाय, जिससे कि पर्व पर भुगतान मिल सके. शासी निकाय के सचिव डॉ हरि नारायण सिंह ने बताया कि अर्थाभाव के बावजूद आय का लगभग 87 प्रतिशत मानदेय तथा पेंशन पर खर्च करने का निर्णय लेते हुए सभी स्तर के शिक्षाकर्मियों को इसका लाभ दिया गया है. तृतीय वर्ग के कर्मियों का मानदेय अब 9100 से 10800 रुपये के बीच हो गया है. जबकि आदेशपाल को 7800 से 8100 रुपये के बीच प्रतिमाह रुपया मिलेगा.

पेंशन की राशि में भी की गयी बढ़ोतरी

डॉ सिंह ने बताया कि सेवानिवृत शिक्षाकर्मियों के पेंशन में भी वृद्धि की गई है. अब शिक्षकों को 3500 रुपये, तृतीय वर्गीये कर्मी को 2500 रुपये तथा चतुर्थ वर्गीये कर्मी को 1800 रुपये प्रतिमाह पेंशन मिलेगी. बताया कि कॉलेज में वेतन-पेंशन अगले माह के प्रथम सप्ताह में अनिवार्य रूप से भुगतान का नियम है. बैठक में विश्वविद्यालय प्रतिनिधि डॉ अजीत कुमार चौधरी, प्रधानाचार्य डॉ राधा कृष्ण प्रसाद तथा शिक्षक प्रतिनिधि राम कुमार ने वेतन वृद्धि के साथ तत्काल भुगतान के लिए अध्यक्ष के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित की.

जिले के किसी संबद्ध कॉलेज में शिक्षकों को नहीं मिलता 15 हजार रुपये

बताया गया कि जिले के किसी संबद्ध कॉलेज में 15 हजार रुपये शिक्षकों को नहीं मिलता है. अस्थाई रूप से नियुक्त सहायक प्राध्यापक डॉ अलका कुमारी, डॉ प्रतिभा स्मृति, नूतन कुमारी, डॉ जूही प्रकाश, विद्या कुमारी, डॉ रघुवर प्रसाद सिंह, डॉ सोनी कुमारी की सेवा अनुमोदित की गयी. वहीं तृतीय वर्ग में विजय कुमार की नियुक्ति भी स्वीकृत कर ली गयी. बैठक के दौरान प्रधानाचार्य ने शासी निकाय को सूचित किया कि कॉलेज के तीन तीन सहायक प्राध्यापक की नियुक्ति बीएनएमयू मधेपुरा में अतिथि शिक्षक के पद पर हो गयी है. तीनों को विरमित कर दिया गया है. शासी-निकाय ने इसे स्वीकृत कर दिया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PRABHAT KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >