समस्तीपुर . रेलवे में दुर्घटना होने के बाद यात्रियों की सुरक्षा के लिए दुर्घटना राहत ट्रेन भेजी जाती है. वहीं अब समस्तीपुर रेल मंडल में दुर्घटना राहत वैन यात्रियों की मदद के लिए तैनात रहेगा. प्रथम चरण में पहले सहरसा और नरकटियागंज स्टेशन पर इसकी तैनाती की जा रही है. जहां अभी समस्तीपुर जंक्शन पर दुर्घटना राहत ट्रेन यात्रियों की मदद के लिए तैनात रहती है. लंबी ट्रेनों के मुकाबले यह राहत वैन यात्रियों के मदद के लिए काफी कारगर साबित होगा. रोड पर चलने वाली गाड़ी एक्सीडेंट रिलीफ रोड व्हीकल एआरआरवी होगी. एआरआरवी की खासियत यह होगी कि यह बिना ट्रैक को बाधित किए दुर्घटनास्थल वाले स्टेशन या जगहों पर पहुंच कर बचाव का काम करेगी. बस जैसी बनी एआरआरवी गाड़ी पर सवार रेलकर्मियों के बचाव दल ट्रेन में फंसे यात्रियों को बाहर निकाल कर नई जिंदगी देने का काम करेंगे. वहीं दुर्घटनाग्रस्त बोगियों को काटकर हटाते या बेपटरी चक्के को चढ़ाते हुए बाधित रेललाइन को फिर से ट्रेन सेवा बहाल करने लायक बनायेंगे. जल्द दरभंगा व रक्सौल को भी इससे लैस किया जायेगा. बस जैसी एआरआरवी गाड़ी में बचाव दल में शामिल रेलकर्मियों बैठने के लिए सीट लगे हुए हैं. जैक, एमएफटी मशीन सहित अन्य तरह के उपकरणों को रखने के लिए जगह उपलब्ध हैं. एआरआरवी के आने से वैकल्पिक गाड़ी उपलब्ध हो जायेगा. एआरआरवी को सीधे डिपो से निकाल कर सड़क मार्ग से दुर्घटनास्थल के लिए भेज दिया जायेगा. इससे एआरटी को भेजने में लगने वाले समय एआरआरवी में बचेंगे. जहां रोड कनेक्टिविटी नहीं होगी वहां एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन जायेगा. वहीं रोड साइड स्टेशनों तक आसानी से एआरआरवी पहुंच जायेगी. हालांकि, बड़ी दुर्घटना होने पर एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन ही उपयोगी साबित होगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
