सड़क, शिक्षा, बिजली, पानी है मुख्य समस्या, स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार हो

अमानत बाजार में हुआ प्रभात खबर की ओर से संवाद का आयोजन, लोगों ने कहा

उधवा. प्रखंड मुख्यालय से तकरीबन पांच किलोमीटर पूरब दिशा में अमानत दियारा पंचायत के अमानत बाजार में रविवार को प्रभात खबर की ओर से प्रभात संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में पंचायत के विभिन्न टोला-मोहल्ला के युवा, बुजुर्ग, जनप्रतिनिधि आदि शामिल हुए. कार्यक्रम के दौरान लोगों ने पंचायत में स्वास्थ्य सेवाओं के घोर अभाव को लेकर चिंता व्यक्त की. स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने को लेकर चर्चा करते हुए आवश्यक विचार रखे. कार्यक्रम के दौरान प्राप्त जानकारी के अनुसार अमानत दियारा एक घनी आबादी वाला पंचायत है. पंचायत में सड़क, शिक्षा, बिजली, पानी के अलावा प्रमुख समस्या स्वास्थ्य की है. पंचायत में लाखों रुपये की लागत से उप स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण कराया गया है ताकि पंचायतवासी इससे लाभान्वित हो सके. परंतु चिकित्सक, एएनएम की अनुपस्थिति से उप स्वास्थ्य केंद्र वीरान पड़ा रहता है. उप स्वास्थ्य केंद्र को देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि वीरान खंडहर है. स्वास्थ्य केंद्र वर्षों से नहीं खोला गया है. स्वास्थ्य केंद्र प्रांगण में पेड़-पौधे उग गए हैं. पंचायत में खासकर महिलाओं के प्रसव के वक्त अधिक समस्या उत्पन्न हो जाती है. इसके अलावा मरीज की आपातकालीन स्थिति में प्राथमिक उपचार की व्यवस्था नहीं होने की स्थिति में अनुमंडलीय अस्पताल राजमहल, सदर अस्पताल साहिबगंज या पश्चिम बंगाल जाना पड़ता है. इससे मरीजों की जान पर खतरा बना रहता है. कार्यक्रम के दौरान लोगों ने कहा कि पंचायत में स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए पंचायत में उप स्वास्थ्य केंद्र का सुचारू रूप से संचालन किया जाय एवं केन्द्र में चिकित्सक व एएनएम की सातों दिन 24 घंटे प्रतिनियुक्ति की जाए ताकि पंचायत वासी से लाभान्वित हो सकें. प्रभात संवाद कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने को लेकर अपनी राय साझा की.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ABDHESH SINGH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >