हिरही आवासीय विद्यालय में मेडिकल कैंप, बच्चों की हुई स्वास्थ्य जांच

लोहरदगा के नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालय में मेडिकल कैंप लगाकर बच्चों के स्वास्थ्य की जांच की गई और डालसा सचिव ने व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

बच्चों के अस्वस्थ होने की सूचना पर लगाया गया कैंप, डालसा सचिव ने विद्यालय का निरीक्षण कर सुविधाओं का लिया जायजा

लोहरदगा : प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डालसा अध्यक्ष राजकमल मिश्रा के निर्देश पर शनिवार को नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालय, हिरही में मेडिकल कैंप लगाया गया. विद्यालय के बच्चों के अस्वस्थ होने की सूचना पर आयोजित कैंप में बच्चों के ब्लड समेत अन्य स्वास्थ्य जांच की गयी और जरूरत के अनुसार तत्काल उपचार उपलब्ध कराया गया.

डालसा सचिव ने विद्यालय की व्यवस्थाएं देखीं

मेडिकल कैंप के दौरान डालसा सचिव मनोरंजन कुमार ने विद्यालय परिसर का निरीक्षण कर बच्चों से मुलाकात की. उन्होंने बच्चों को उपलब्ध करायी जा रही मूलभूत सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया. इस दौरान विद्यालय की साफ-सफाई, स्वास्थ्य सुविधाएं, छात्रावास में रहने की व्यवस्था, भोजन, शौचालय, स्नानागार और रसोईघर का निरीक्षण किया.

रसोईघर में भोजन तैयार करने की व्यवस्था, खाद्य सामग्री के रख-रखाव, स्वच्छता और पेयजल की उपलब्धता की जानकारी ली गयी. बच्चों के कमरों का निरीक्षण करने के साथ उनसे पढ़ाई, स्वास्थ्य, भोजन और अन्य सुविधाओं के संबंध में बातचीत की गयी. बच्चों की समस्याओं की भी जानकारी ली गयी.

नियमित स्वास्थ्य निगरानी का निर्देश

डालसा सचिव ने विद्यालय प्रबंधन को बच्चों की आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि आवासीय विद्यालय में रहने वाले बच्चों को स्वच्छ, सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना विद्यालय प्रबंधन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है. बच्चों को नियमित रूप से पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने तथा विद्यालय परिसर और रसोईघर में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने को कहा.

उन्होंने बच्चों के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने और सरकार द्वारा निर्धारित सभी सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार को लेकर संबंधित कर्मियों को भी निर्देशित किया.

मौके पर जिला शिक्षा पदाधिकारी दास सुनंदा चंद्रमौलेश्वर, पीएलवी रोहित कुमार, मीना कुमारी समेत विद्यालय के शिक्षक मौजूद थे.

फोटो बच्चों की स्वास्थ्य जांच करते स्वास्थ्यकर्मी व विद्यालय का निरीक्षण करते डालसा सचिव | Prabhat Khabar Network

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By गोपी कृष्ण

गोपी कृष्ण वर्तमान में ब्यूरो प्रमुख हैं. समाज में व्याप्त समस्याओं, भ्रष्टाचार, अंधविश्वास, महिला उत्पीड़न, पलायन को लेकर काम में रूचि है. बहुत काम किया है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >