Darbhanga News: सांस्कृतिक और सामाजिक परंपरा के मजबूत स्तंभ थे महाराज लक्ष्मीश्वर सिंह

Darbhanga News: महाराज लक्ष्मीश्वर सिंह की 167वीं जयंती समारोह गुरुवार को कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय के दरबार हॉल में मनायी गयी.

Darbhanga News: दरभंगा. इसमाद फाउंडेशन और राज हाइस्कूल पूर्व छात्र संघ के संयुक्त तत्वावधान में महाराज लक्ष्मीश्वर सिंह की 167वीं जयंती समारोह गुरुवार को कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय के दरबार हॉल में मनायी गयी. समारोह की शुरुआत महाराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन से हुई. अतिथियों का स्वागत पौधा भेंटकर किया गया. मौके पर खंडवाला राजवंश के कुमार कपिलेश्वर सिंह ने कहा कि 1857 के संग्राम के बाद जब देश निराशा में डूबा था, तब महाराज लक्ष्मीश्वर सिंह ने लोगों का मनोबल बढ़ाया. वे केवल मिथिला ही नहीं, बल्कि पूरे भारत के सांस्कृतिक और सामाजिक परंपरा के मजबूत स्तंभ थे. सिर्फ 40 वर्ष के जीवनकाल में महान कार्यों ने उन्हें पीपल्स ऑफ महाराजा बनाया. कहा कि जयंती पर आज पर हम सब संकल्प लें कि उनके आदर्शों साहस, सेवा, शिक्षा और समाज-सुधार को अपने जीवन में उतारेंगे. यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी.

शिक्षा को जन-जन तक फैलाने का किया काम- डॉ संदीप

डीसीइ के प्राचार्य डॉ संदीप तिवारी ने कहा कि महाराज ने अंग्रेजी शिक्षा ग्रहण कर उसे भारतीयों तक पहुंचाया. शिक्षा को जन-जन तक फैलाने का बीड़ा उठाया. पूर्व छात्र आशीष झा ने कहा कि महाराज शिक्षा को स्वतंत्रता की नींव मानते थे. उन्होंने गांव-गांव में स्कूल खुलवाए. आइसीएस में भारतीय युवाओं को प्रेरित कर शासन-प्रशासन में भागीदारी दिलाई. कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे वरीय पत्रकार गंगेश मिश्र ने कहा कि महाराज लक्ष्मीश्वर सिंह ने अपने समय में शिक्षा, सामाजिक सुधार और राष्ट्रभक्ति को जिस स्तर पर पहुंचाया, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा है. कहा कि आज की पीढ़ी को चाहिए कि महाराज के आदर्शों से सीख लेकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाए. इसमाद फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह मंच ऐतिहासिक चेतना को जीवित रखने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है.

सोनू को डॉ सुधीर झा मेमोरियल स्कॉलरशिप एवं अच्युत को श्री शंकर मिश्र मेमोरियल पुरस्कार

समारोह में राज हाइस्कूल के छात्र सोनू कुमार को “डॉ सुधीर झा मेमोरियल स्कॉलरशिप दिया गया. वहीं अच्युत नारायण ठाकुर को “श्री शंकर मिश्र मेमोरियल पुरस्कार” से सम्मानित किया गया. पुरस्कार स्वरूप दोनों छात्रों को कुमार कपिलेश्वर सिंह, डॉ सुधीर झा की पत्नी छाया झा और शंकर मिश्र के भतीजे तरुण मिश्रा ने मोमेंटो, प्रमाण पत्र और नकद राशि प्रदान की गयी. इससे पूर्व स्वागत भाषण मदन झा ने किया. कार्यक्रम का संचालन संयोजक संतोष चौधरी और धन्यवाद ज्ञापन राहुल कुमार ने किया. मौके पर डॉ विद्यानाथ झा, राज दरभंगा के मैनेजर आशुतोष दत्ता, प्रियांशु झा, अमित कुमार, अजय तिवारी, मोहन भंडारी, अभिनव सिन्हा, अभिषेक चौधरी, मोनु कुमार, आशीष कुमार अंशु, दिव्या आदि मौजूद थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PRABHAT KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >