चौपारण-गया सीमा पर 12 लाख की अवैध शराब नष्ट

झारखंड-बिहार उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम की बड़ी कार्रवाई

चौपारण. झारखंड और बिहार के उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम ने गुरुवार को चौपारण और गया जिले के सीमावर्ती इलाकों में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की. इस दौरान लगभग 12 लाख रुपये की देसी शराब नष्ट कर दी गयी. इसमें 18 हजार किलो जावा महुआ और 2000 लीटर तैयार देसी शराब शामिल थी. कार्रवाई को सफल बनाने के लिए दो ड्रोन की मदद ली गयी. अभियान झारखंड के चौपारण प्रखंड के भगहर, भंडार, परसातरी और अम्बातारी के अलावा बिहार के गया जिले के गुरपा थाना क्षेत्र के चौड़ा और खैरा गांवों में चलाया गया. इसमें दोनों राज्यों के 26 पदाधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिस बल शामिल थे.

दुर्गम इलाकों में हो रही थी शराब की चुलाई

इंस्पेक्टर सुमितेश कुमार ने बताया कि शराब की चुलाई बेहद दुर्गम स्थानों पर हो रही थी. टीम दो किमी तक जंगल की पगडंडियों से होकर भट्ठियों तक पहुंची. सुबह 11 बजे शुरू हुआ यह अभियान दोपहर तीन बजे तक चला. इस दौरान 10 से अधिक शराब भट्ठियों को ध्वस्त किया गया. उन्होंने बताया कि जावा महुआ बड़े-बड़े ड्रमों में रखा गया था और उसे पत्तों से ढंक कर छिपाया गया था. मौके पर मौजूद टीम ने सभी ड्रम और शराब की भट्ठियों को नष्ट कर दिया. इस संयुक्त कार्रवाई में झारखंड की ओर से एएसआइ अनूप कुमार सिंह, सैयद बसीरुद्दीन, एंटोनी बागे समेत कई अधिकारी और बिहार की ओर से अभय कुमार सिंह सहित अन्य पदाधिकारी शामिल थे. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के खिलाफ ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SUNIL PRASAD

SUNIL PRASAD is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >