अररिया से पंकज कुमार की रिपोर्ट बिहार सरकार के सात निश्चय-3.0 के तहत संचालित सबका सम्मान-जीवन आसान कार्यक्रम के अंतर्गत सोमवार को समाहरणालय स्थित परमान सभागार में जिलाधिकारी विनोद दूहन की अध्यक्षता में जनता दरबार आयोजित हुआ. इसमें जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे लोगों की व्यक्तिगत व सार्वजनिक समस्याओं से जुड़े कुल 56 मामलों की सुनवाई हुई. जनता दरबार में प्राप्त आवेदनों को सुनने के बाद जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी मामलों का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि शिकायतों की प्राथमिकता के आधार पर जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाये. ताकि आवेदकों को समय पर न्याय मिल सके. सुनवाई के दौरान गलत खतियान, भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, बंदोबस्ती पर्चा में नाम शुद्धीकरण व अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति सहित विभिन्न मामलों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए. जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को मामलों की गंभीरता से जांच कर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिये.
जनता दरबार में 56 मामलों की सुनवाई, त्वरित निष्पादन का निर्देश
अररिया में जिलाधिकारी विनोद दूहन की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन हुआ, जिसमें 56 मामलों की सुनवाई कर अधिकारियों को त्वरित निष्पादन के निर्देश दिए गए।

लोगों की शिकायत सुनते जिलाधिकारी | Prabhat Khabar Network