सौरबाजार. नगर पंचायत स्थित वार्ड नौ कंचनपुर सिलेट में बुधवार को नदी पार करने के दौरान डूबकर करीब आठ वर्षीय बालिका की मौत हो गयी. जिससे परिवार सहित पूरे गांव में कोहराम मच गया. जानकारी के अनुसार, बुधवार को वार्ड नौ कंचनपुर सिलेठ निवासी पिंटू महतो की करीब आठ वर्षीया पुत्री निधि कुमारी अन्य बच्चे के साथ दुर्गा मंदिर सिलेठ से पूजा कर घर आ रही थी. घर से दक्षिण दिशा नदी पार करने के दौरान फिसलकर अधिक पानी में चली गयी. साथ में नदी पार कर रहे बच्चे के हल्ला करने पर जबतक आस पास के लोग पहुंचते, तब तक बच्ची ने पानी में ही दम तोड़ दिया. जिसके बाद घटना की जानकारी सौरबाजार थाना को दी गयी. घटना की सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष अजय कुमार पासवान अपने पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंच घटना की तहकीकात करते हुए शव को कब्जे में लेकर कागजी प्रक्रिया के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. घटना के बाद मृतका की माता सोनी देवी सहित पूरे परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है. वहां मौजूद ग्रामीण ने स्थानीय प्रशासन से उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
