Samastipur: खुदीराम बोस स्टेशन पर रेड सिग्नल में घुसी गरीब रथ

समस्तीपुर रेल मंडल के खुदीराम बोस पूसा रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को सुबह 6.10 बजे एक बड़ा ट्रेन हादसा होने से टल गया.

पूसा (समस्तीपुर) .

समस्तीपुर रेल मंडल के खुदीराम बोस पूसा रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को सुबह 6.10 बजे एक बड़ा ट्रेन हादसा होने से टल गया. ट्रेन नंबर 12204 अमृतसर से सहरसा जा रही डाउन गरीब रथ एक्सप्रेस पूसा स्टेशन के रेड सिग्नल को अचानक पार कर आगे बढ़ गई. रेड सिग्नल के दौरान ट्रेन के स्पीड में ही आगे बढ़ जाने से यात्रियों में अफरातफरी का माहौल हो गया. बाद में स्टेशन अधीक्षक ने वाकी टाकी से चालक को जानकारी दी.

इसके बाद चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी. बाद में ट्रेन को बैक कर वापस पूसा स्टेशन लाया गया. पूरे मामले की जांच की गई. इस दौरान ट्रेन सुबह 6 बज कर 8 मिनट से 8 बजकर 25 मिनट तक करीब 2 घंटे 17 मिनट तक पूसा स्टेशन पर ही रुकी रही. बाद में समस्तीपुर से पहुंचे दूसरे चालक को ट्रेन ले जाने की जिम्मेदारी सौंपी गई. इसके बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना कर दिया गया.

सूत्रों की मानें तो ट्रेन पूसा स्टेशन के स्टार्टर सिग्नल से 30 से 40 मीटर से ज्यादा आगे बढ़ गई थी. बहरहाल ट्रेन के चालक की इस बड़ी लापरवाही के कारण बहुत बड़ा हादसा हो सकता था. रेल चालक का कहना था कि पलक झपक जाने के कारण ट्रेन रेड सिग्नल में स्टेशन से आगे बढ़ गई थी. इस मामले में पूसा स्टेशन से जुड़े एसएस व रेल पुलिस के जवानों ने कुछ भी बताने से इनकार कर दिया है.

पूसा स्टेशन के स्टेशन अधीक्षक मंजय कुमार ने बताया कि रेड सिग्नल पार करने के कारण ट्रेन दो घंटे से ज्यादा समय तक रुकी रही. समस्तीपुर की सीनियर डीसीएम अनन्या स्मृति ने बताया कि मामले की वास्तविक जानकारी लेकर इसकी पूरी जांच करायी जायेगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: RANJEET THAKUR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >