सिमडेगा. झारखंड राज्य आजीविका कर्मचारी संघ के बैनर तले जेएसएलपीएस कर्मचारियों ने शुक्रवार को समाहरणालय के निकट धरना-प्रदर्शन किया. मौके पर कर्मचारियों ने अपनी पांच सूत्री मांगों को लेकर आवाज बुलंद की और एकजुटता का परिचय दिया. धरना के बाद कर्मचारियों ने अपना मांग पत्र खूंटी सांसद कालीचरण मुंडा, तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया, उपायुक्त सिमडेगा तथा जेएसएलपीएस की डीपीएम शांति मार्डी को सौंपा. मांग पत्र में सोसाइटी एक्ट को समाप्त कर आजीविका कर्मियों को राज्य कर्मी का दर्जा देने, एनएमएमयू पॉलिसी को लागू करने, कर्मियों को वरीयता और अनुभव के आधार पर उच्चस्तरीय पदों पर आंतरिक प्रोन्नति देने, 10 प्रतिशत वार्षिक वेतन वृद्धि सुनिश्चित करने व अब तक की वृद्धि का लाभ शीघ्र उपलब्ध कराने की मांग की गयी है. धरना प्रदर्शन में जेएसएलपीएस के निरोध सामुएल मड़की, मोहित कुमार, कृष्णा धोबी, दयाल कुजूर, मनोज गोस्वामी, मुंगेश्वर साहु, वीरेंद्र तिड़ू, बिनोद सुरीन, सुबल सुकेश केरकेट्टा, हरदेव साईं, सुनील केशरी, बिंदु कुमारी, अनिता देवी, नीलमनी आइंद, सुनीता देवी, प्रमोद सिन्हा, मरियाना गुड़िया, सीता भगत, निलिमा एक्का, क्लारा टेटे, गौतम साह, कृष्णा सिंह, पंकज कुमार, रोशनी एक्का आदि मौजूद थे.
कुआं में डूबने से एक की मौत
कोलेबिरा. थाना क्षेत्र के कोलेबिरा पुराना साप्ताहिक बाजार के बगल में एक व्यक्ति की कुआं में डूबने से मौत हो गयी. गुरुवार को अपराह्न लगभग चार बजे शाम को 35 वर्षीय शशिकांत बागे कुआं के पास सुखाया गया कपड़ा उठा रहा था. इस क्रम में फिसल कर कुआं में गिर गया. परिवार वालों को जानकारी होते ही ग्रामीणों के संग मिल कर उसे कुएं से बाहर निकाला, तब उसकी मौत हो चुकी थी. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस घटना स्थल पहुंच कर शव को अपने कब्जे में ले लिया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
