दूषित पानी पीने से पांच मवेशियों की मौत, ग्रामीणों में आक्रोश

दूषित पानी पीने से पांच मवेशियों की मौत, ग्रामीणों में आक्रोश

बारियातू़ थाना क्षेत्र के बरनी ग्राम में रांची-चतरा मुख्य सड़क के किनारे बने गड्ढे में जमा दूषित पानी ने रविवार को दो किसानों के पांच मवेशियों की जान ले ली. मृत पशुओं में पुकचु ग्राम निवासी रामेश्वर यादव के दो खेतिहर बैल तथा जगदेव उरांव की दो गर्भवती बकरियां व एक बकरा शामिल हैं. अचानक हुई इस घटना से पूरे इलाके में आक्रोश है. ग्रामीणों ने बताया कि यूरिया सर्विस सेंटर के बाहर लंबे समय से गड्ढे में जहरीला पानी जमा है. रविवार को रामेश्वर यादव अपने बैलों को चराने ले जा रहे थे. इसी दौरान बैल और साथ में चर रही जगदेव उरांव की बकरियां गड्ढे का पानी पी गयीं. पानी पीते ही सभी मवेशियों की तबीयत बिगड़ी और कुछ ही दूरी पर वे अचेत होकर गिर पड़े. सूचना मिलने पर पशु चिकित्सक मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक पांचों पशुओं की मौत हो चुकी थी. घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय पुलिस भी पहुंची और आक्रोशित ग्रामीणों को शांत कराया. पुलिस ने यूरिया सर्विस सेंटर के एक कर्मी अनीश यादव को पूछताछ के लिए थाने ले गयी है. किसानों ने बताया कि छह माह पूर्व ही रामेश्वर यादव ने 35 हजार रुपये में बैल खरीदे थे. अब उनकी मौत से खेती पर गहरा असर पड़ेगा. वहीं, जगदेव उरांव की गर्भवती बकरियों की मौत से नुकसान और बढ़ गया है. ग्रामीणों ने कहा कि यह पहली घटना नहीं है. दो माह पूर्व भी दूषित पानी से एक किसान के बैलों की मौत हो चुकी है. इसके बावजूद प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की. लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही गड्ढे को नहीं भरा गया और मुआवजा नहीं दिया गया तो वे आंदोलन करेंगे. किसानों ने दोषी सेंटर संचालक एवं संबंधित विभाग से मुआवजे की मांग की है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >