अस्पताल के लिए खरीदे गये उपकरण धूल फांक रहे, जिम्मेदारों पर हो कार्रवाई

डीएमएफटी न्यास परिषद की बैठक में सांसद ने उठाये सवाल

हजारीबाग. हजारीबाग जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) न्यास परिषद की महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार को उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में हुई. बैठक में सांसद मनीष जायसवाल ने शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपकरणों की खरीद और इंजीनियरिंग सेल के स्टीमेट घोटाले पर गंभीर सवाल उठाये. उन्होंने आरोप लगाया कि करोड़ों की लागत से खरीदे गये कार्डियो एंबुलेंस, ट्रॉमा सेंटर के ओटी, शिशु रोग वेंटिलेटर, फोटोथेरेपी मशीन और अन्य उपकरण धूल फांक रहे हैं. सांसद ने निष्क्रिय उपकरणों का जनहित में उपयोग सुनिश्चित करने और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की. साथ ही चिकित्सकों के मनमाने प्रतिनियुक्ति पर रोक लगाने की भी बात कही. बैठक में कई जनहितकारी प्रस्तावों पर सहमति बनी. इनमें सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को मॉडल केंद्र में तब्दील करने, दिव्यांगों को बैट्री चालित ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने, स्कूल उन्नयन कार्य कराने, सभी प्रखंड मुख्यालयों और शहर में सीसीटीवी लगाने तथा जिला स्तर पर इनोवेटिव साइंस लैब और ई-पुस्तकालय संचालित करने जैसे निर्णय शामिल थे. इसके अलावा डाड़ी में उन्नत स्वास्थ्य केंद्र, हजारीबाग में नशामुक्ति केंद्र और नया समाहरणालय के पास बने 100 बेड के अस्पताल का उपयोग सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई. बैठक में बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी, बरकट्ठा विधायक अमित कुमार यादव, मांडू विधायक तिवारी महतो, पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन समेत कई अधिकारी उपस्थित थे. उपायुक्त ने आश्वस्त किया कि डीएमएफटी की राशि का उपयोग पारदर्शी तरीके से और जनहित में किया जायेगा.

प्रखंडों में ई-पुस्तकालय की मांग

बैठक में हजारीबाग विधायक प्रदीप प्रसाद ने भी क्षेत्रीय विकास के लिए कई प्रस्ताव रखे. उन्होंने प्रखंड स्तर पर ई-पुस्तकालय, नशामुक्ति केंद्र, थानों में पेयजल व शौचालय की व्यवस्था, किसानों को मधुमक्खी पालन व मशरूम उत्पादन के लिए प्रोत्साहन, सभी वार्डों में हाइ मास्ट लाइट, सीसीटीवी कैमरे, माइनिंग इंजीनियरिंग कॉलेज की स्थापना, ट्रांसफॉर्मर उपलब्ध कराने तथा सड़कों-नालियों के पुनर्निर्माण की मांग की. उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य शिक्षा, स्वास्थ्य, ऊर्जा और स्वच्छता जैसे क्षेत्रों में ठोस कदम उठाकर हजारीबाग को नये विकास मॉडल के रूप में स्थापित करना है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SUNIL PRASAD

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >