शिक्षक दिवस पर गीत, नृत्य व भाषण के माध्यम से विद्यार्थियों ने शिक्षकों के प्रति जताया सम्मान, उपहार देकर किया सम्मानित
कुड़ू, लोहरदगा : डिवाइन पब्लिक स्कूल चंदलासो में शनिवार को शिक्षक दिवस धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के निदेशक ज्ञान गंगा सिंह ने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर किया. इसके बाद विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने डॉ. राधाकृष्णन को पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया.
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
शिक्षक दिवस के अवसर पर छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये. बच्चों ने गीत, नृत्य और भाषण के माध्यम से अपने शिक्षकों के प्रति आदर और सम्मान प्रकट किया. विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया.
विद्यालय के निदेशक ज्ञान गंगा सिंह ने कहा कि बच्चों के जीवन में गुरु का स्थान सर्वोपरि है. एक अच्छा शिक्षक केवल किताबी ज्ञान नहीं देता, बल्कि विद्यार्थियों के चरित्र का निर्माण कर उन्हें समाज का जिम्मेदार नागरिक बनाता है.
उपहार देकर शिक्षकों को किया सम्मानित
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों को प्रेम और सम्मान के प्रतीक स्वरूप उपहार भेंट कर सम्मानित किया. छात्रों से मिले इस स्नेह और सम्मान से शिक्षक भी अभिभूत नजर आये. मौके पर विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे.
