योजना के नाम पर वार्ड सदस्य से 11 हजार की साइबर ठगी

महीछांद निवासी वार्ड सदस्य मनोज मुर्मू से की गयी है ठगी

ओटीपी साझा करते ही खाते से उड़े रुपये, थाने में शिकायत दर्ज प्रतिनिधि, पोड़ैयाहाट पोड़ैयाहाट प्रखंड के महीछांद निवासी वार्ड सदस्य मनोज मुर्मू साइबर ठगी का शिकार हो गये. ठगों ने सरकारी योजना का लाभ दिलाने के नाम पर उनके खाते से करीब 11 हजार रुपये उड़ा लिये. मामले को लेकर मनोज मुर्मू ने पोड़ैयाहाट थाने में लिखित शिकायत दर्ज करायी है. शिकायत के अनुसार, मोबाइल नंबर 9204381991 से उनके पास कॉल आया. कॉल करने वाले व्यक्ति ने स्वयं को सरकारी अधिकारी बताते हुए पूछा, “आप वार्ड सदस्य हैं, वार्ड का पैसा मिला कि नहीं. ” मनोज मुर्मू द्वारा मना करने पर उसने कहा कि उनके खाते में योजना की राशि भेजी जा रही है. इसके लिए ओटीपी बताने को कहा. सरकारी अधिकारी समझकर मनोज मुर्मू ने ओटीपी साझा कर दिया. इसके तुरंत बाद उनके बैंक खाते से लगभग 11 हजार रुपये कट गये. खाते से राशि निकलने के बाद उन्हें साइबर ठगी का अहसास हुआ. इसके बाद उन्होंने पोड़ैयाहाट थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज करायी. थाना प्रभारी महावीर पंडित ने बताया कि शिकायत पर जांच शुरू कर दी गयी है. साइबर सेल की मदद से संबंधित मोबाइल नंबर और लेन-देन का विवरण खंगाला जायेगा. दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जायेगी. पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति को ओटीपी, बैंक खाता संबंधी जानकारी या अन्य गोपनीय विवरण साझा न करें. किसी भी संदिग्ध कॉल की सूचना तत्काल पुलिस या साइबर हेल्पलाइन को दें.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >