Darbhanga News: दरभंगा. प्रमंडल आयुक्त कौशल किशोर की अध्यक्षता में गुरुवार को प्रमंडलस्तरीय ऑनलाइन समीक्षा बैठक हुई. इसमें तीनों जिले के डीएम, एसएसपी, एसडीएम व अन्य संबंधित पदाधिकारी जुड़े थे. इसमें आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी, दुर्गा पूजा तथा विधि-व्यवस्था से जुड़ी विभिन्न बिन्दुओं की समीक्षा की गयी. आयुक्त ने मौके पर जरूरी निर्देश दिए. आयुक्त ने चुनाव एवं दुर्गा पूजा के दौरान कानून-व्यवस्था व शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरतने, सभी तैयारियां समयबद्ध व समन्वय के साथ पूर्ण करने का निर्देश दिया, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो. इस दौरान उन्होंने बस पड़ाव सुरक्षित जमा निर्धारण को लेकर भी समीक्षा की. वहीं समीक्षा क्रम में समस्तीपुर जिला के कुछ मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधा की कमी पायी गयी. आयुक्त ने संबंधित पदाधिकारी को इन मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधा जल्द से जल्द उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. उन्होंने विभिन्न कोषांगों के गठन की स्थिति एवं उनकी कार्ययोजना के संबंध में जानकारी ली. स्ट्रांग रूम एवं डिस्पैच सेंटर की स्थिति की समीक्षा की. सेक्टर मजिस्ट्रेट के गठन की अद्यतन स्थिति के संबंध में जानकारी ली. सेक्टर पदाधिकारी को मतदान केन्द्रों का भौतिक सत्यापन करने को कहा. आयुक्त ने सभी एसडीएम को जुलूस मार्ग में पड़ने वाले मकान की छतों का भी सत्यापन करने को कहा. इसके अलावा थाना स्तर पर निर्गत वारंटों के निष्पादन की प्रगति की समीक्षा की. संबंधित पदाधिकारी को निष्पादन में तेजी लाने का निर्देश दिया. अंत में कुशेश्वरस्थान पूर्वी अंचल के मौजा रामपुर राउत में निजी जमीन पर बस पड़ाव अधिसूचित करने के लिए अनुशंसा की गयी. मौके पर आयुक्त सचिव सत्येंद्र कुमार, प्रमंडलीय उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अविनाश कुमार आदि पदाधिकारी उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.