Bokaro News : सभी कार्यालय नशा मुक्त बनायें : उपायुक्त

Bokaro News : जिला एनकोर्ड समिति की बैठक में उपायुक्त ने दिये कई दिशा-निर्देश, बल्कि सामाजिक चेतना का अभियान बताते हुए सभी अधिकारी व कर्मी को स्वयं से पहल करने की अपील की.

बोकारो, समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में बुधवार को उपायुक्त अजयनाथ झा की अध्यक्षता में जिला एनकोर्ड समिति की बैठक हुई. उपायुक्त ने नशा मुक्ति को केवल प्रशासनिक पहल नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना का अभियान बताते हुए सभी अधिकारी व कर्मी को स्वयं से पहल करने की अपील की. उपायुक्त ने कहा कि कार्यालय जनता की सेवा का मंदिर है. यहां आने वाले हर व्यक्ति को सकारात्मकता, स्वच्छता व विश्वास का अनुभव होना चाहिए. डीसी ने निर्देश दिया कि अगले माह तक सभी जिला, अनुमंडल व प्रखंड स्तरीय कार्यालय प्रमुख कार्यालय को नशा मुक्त घोषित कर प्रमाण पत्र जारी करें. यह केवल एक कागज का दस्तावेज नहीं, बल्कि एक नैतिक घोषणा व सामाजिक संकल्प होगा. डीसी ने कहा कि औचक जांच में किसी कर्मचारी को नशा करते पाया गया, तो केवल उस व्यक्ति पर नहीं बल्कि कार्यालय प्रधान पर भी कार्रवाई होगी. पिछली बैठक की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने कहा कि नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम को गांव–गांव, विद्यालय–विद्यालय व कार्यालय–कार्यालय तक पहुंचाना होगा. उन्होंने कहा कि नशा किसी व्यक्ति को नहीं छोड़ता, वह पूरे परिवार को निगलता है.

नशा मुक्त बोकारो – पहचान बनेगा अभियान

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जनसंपर्क विभाग सभी विभागों के समन्वय से नशा मुक्त बोकारो का डिजाइन तैयार करेगा. यह डिजाइन न केवल जिले की पहचान बनेगा, बल्कि हर कार्यालय, विद्यालय व सार्वजनिक स्थल पर प्रदर्शित होगा. ताकि, लोगों को यह संदेश मिले कि बोकारो नशा विरोधी जन आंदोलन की राह पर है. डीसी ने यहां नशे से संबंधित किसी भी पदार्थ की बिक्री नहीं होती है, इसका भी स्टीकर बनाने को कहा.

सभी गतिविधियों को पोर्टल पर करें अपलोड

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि नशा मुक्ति से जुड़ी सभी गतिविधियों को पोर्टल पर अपलोड कराया जाये. सभी विभाग जिन्हें यूजर आईडी-पासवर्ड दिया गया है, वह इसे सुनिश्चित करें. ताकि लोग यह जान सकें कि जिला प्रशासन नशा उन्मूलन की दिशा में किस तरह लगातार कार्य कर रहा है.

आने वाली पीढ़ियों के लिए सबसे बड़ा तोहफा

डीसी ने कहा कि नशामुक्ति केवल कानून या नियम का विषय नहीं है. यह बच्चों की मुस्कान, माताओं की आंखों का सुकून व समाज की शांति का प्रश्न है. जब कार्यालय नशा मुक्त होंगे, तो समाज में संदेश जाएगा कि प्रशासन खुद ईमानदारी से इस अभियान का नेतृत्व कर रहा है. यह आने वाली पीढ़ियों को दिया गया हमारा सबसे बड़ा तोहफा होगा.

ये थे मौजूद

बैठक में उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, अपर समाहर्ता मुमताज अंसारी, अनुमंडल पदाधिकारी चास प्रांजल ढ़ांडा, अनुमंडल पदाधिकारी बेरमो मुकेश मछुआ, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, प्रभारी पदाधिकारी सामान्य शाखा पीयूष, सीटी डीएसपी आलोक रंजन, चास एसडीपीओ प्रवीण कुमार, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी डॉ सुमन गुप्ता, जिला शिक्षा पदाधिकारी जगरनाथ लोहरा, जिला शिक्षा अधीक्षक अतुल कुमार चौबे, ड्रग इंस्पेक्टर, जिला कृषि पदाधिकारी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह व अन्य मौजूद थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Anand kumar upadhyay

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >