सहकारिता समिति चुनाव की सभी सीटों पर भाजपा की जीत

आगामी विधानसभा चुनाव से पहले नंदीग्राम में सहकारिता समिति चुनाव ने राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी है.

नंदीग्राम :

सोनाचूड़ा कृषि विकास समिति की 12 सीटों पर तृणमूल की करारी हार

प्रतिनिधि, हल्दिया. आगामी विधानसभा चुनाव से पहले नंदीग्राम में सहकारिता समिति चुनाव ने राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी है. रविवार को हुए सोनाचूड़ा कृषि विकास समिति के चुनाव में भाजपा ने तृणमूल कांग्रेस को करारी शिकस्त देते हुए सभी 12 सीटों पर जीत हासिल की. चुनाव सुबह से कड़ी पुलिस निगरानी में संपन्न हुआ. भाजपा और तृणमूल ने सभी सीटों पर प्रत्याशी उतारे थे, जबकि माकपा ने दो सीटों पर किस्मत आजमायी. वोटों की गिनती पूरी होने पर स्पष्ट हो गया कि 12 की 12 सीटें भाजपा के खाते में गयीं. गौरतलब है कि विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी पहले ही भाजपा की जीत का दावा कर चुके थे. नतीजों ने उनकी भविष्यवाणी सही साबित कर दी. हार पर प्रतिक्रिया देते हुए स्थानीय तृणमूल नेता अबु ताहेर ने कहा, “चुनाव में हार-जीत होती रहती है. भाजपा ने पैसे और डर दिखाकर वोट खरीदे, तभी ऐसा परिणाम आया. यह सहकारिता चुनाव है, आम चुनाव नहीं. हमें विश्वास है कि अगले विधानसभा चुनाव में तृणमूल बेहतर प्रदर्शन करेगी.” वहीं, भाजपा के तमलुक संगठनात्मक जिले के नेता मेघनाद पाल ने तृणमूल के आरोपों को खारिज करते हुए कहा, “तृणमूल ने अभूतपूर्व पुलिस बल लगाकर चुनाव जीतने की कोशिश की, लेकिन जनता ने उन्हें नकार दिया. नंदीग्राम की धरती भाजपा की है. सहकारिता समिति से लेकर लोकसभा चुनाव तक हमने लगातार जीत दर्ज की है और आने वाले विधानसभा चुनाव में भी बेहतर नतीजे लायेंगे.”

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AKHILESH KUMAR SINGH

AKHILESH KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >