बारवे ने भिखमपुर को एक गोल से हराया

अखिल बारवे माध्यमिक स्कूल फुटबॉल टूर्नामेंट शुरू

अखिल बारवे माध्यमिक स्कूल फुटबॉल टूर्नामेंट शुरू चैनपुर. चैनपुर प्रखंड के बारवे उवि के ऐतिहासिक फुटबॉल मैदान में गुरुवार से अखिल बारवे माध्यमिक स्कूल फुटबाॅल टूर्नामेंट का शुभारंभ सांस्कृतिक कार्यक्रम से किया गया. टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए गुमला जिले के विभिन्न विद्यालयों से बालक वर्ग के 12 टीम व बालिका वर्ग की 11 टीम शामिल हो रही हैं. मैच के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि खेल पदाधिकारी प्रवीण कुमार ने अपने संदेश में स्कूली जीवन में खेल के महत्व व खेल द्वारा जीवन में आगे बढ़ने का संदेश दिया तथा सभी विद्यार्थियों को अनुशासन, संघर्ष, जुनून के साथ आगे बढ़ाने की इच्छा के बारे में विद्यार्थियों को अपना संदेश दिया. विशिष्ट अतिथि चैनपुर थानेदार कृष्ण कुमार ने खिलाड़ियों को नशापान से दूर रहने व स्वच्छ समाज के निर्माण में सहयोग करने की अपील की. बारवे उवि के प्रधानाध्यापक फादर राजेंद्र तिर्की ने सभी अतिथियों का स्वागत किया तथा खेल को खेल भावना व वर्तमान समय में फुटबॉल की तकनीकी को समझ कर अच्छा खेल प्रदर्शन करने के लिए खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी. टूर्नामेंट के अध्यक्ष फादर अजीत कुमार एक्का ने सभी खेल प्रभारी को खेल में सहयोग करने की अपील की. इस अवसर पर संत माइकल इंग्लिश मीडियम स्कूल चैनपुर द्वारा बहुत ही मनमोहन नृत्य प्रस्तुत किया गया. उद्घाटन मैच बारवे उवि चैनपुर बनाम संत पीयूष उवि भिखमपुर के बीच खेला गया, जिसमें बारवे उवि चैनपुर की टीम ने एक गोल से भिखमपुर को पराजित किया. मौके पर शिक्षक नंदकिशोर प्रसाद, रंथू साहू, सुचित टोप्पो, संजय कुमार कुजूर, विमला बेक, माधुरी एक्का, संजू किरण लकड़ा, मनती बाड़ा, फादर हेनरी कुल्लू, फादर मरियानुस टोप्पो, फादर जुवेल कुजूर मौजूद थे. टूर्नामेंट का फाइनल मैच 27 सितंबर की सुबह आठ बजे रखा गया है. मैच को संपन्न करने के लिए गुमला से मनोज कुमार साहू को जिम्मेदारी दी गयी है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >