ओडिशा मंदिर की तर्ज पर बनेगा 50 फीट ऊंचा पंडाल

गढ़वाटांड़ में 19वां दुर्गा पूजा महोत्सव

बरवाडीह. प्रखंड के नवयुवक क्लब दुर्गा पूजा समिति गढ़वाटांड़ इस वर्ष अपना 19वां स्थापना दिवस धूमधाम से मना रहा है. यह समिति हर साल आकर्षक प्रतिमा, भव्य पंडाल और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए मशहूर रही है. इस बार पंडाल ओडिशा के क्षेत्रीय मंदिर की तर्ज पर बनाया जा रहा है, जिसे पश्चिम बंगाल और कोलकाता के कलाकार विशेष रूप से तैयार कर रहे हैं. पूजा में लगभग 10 लाख रुपये से अधिक खर्च आने का अनुमान है. मां दुर्गा की 10 फीट ऊंची प्रतिमा बंगाल के कारीगरों ने 60 हजार रुपये में तैयार की है. वहीं, कोलकाता के कलाकार करीब 50 फीट ऊंचा पंडाल बना रहे हैं, जिसकी भव्यता पूरे क्षेत्र में आकर्षण का केंद्र बनेगी. गढ़वाटांड़ पूजा पंडाल की एक और विशेषता यह है कि यहां पूजा-अर्चना बंगाली पुरोहितों द्वारा परंपरागत बंगाली रीति-रिवाज से की जाती है. इसके कारण दूर-दराज से भी श्रद्धालु दर्शन और पूजन के लिए पहुंचते हैं. नवमी और दशमी को समिति द्वारा भक्ति जागरण और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे. यह आयोजन हर वर्ष काफी संख्या में श्रद्धालुओं और दर्शकों को आकर्षित करता है. पूजा समिति के अध्यक्ष लोकनाथ राम, कोषाध्यक्ष राजदीप रिकी, सचिव लक्ष्मण मिस्त्री, जितेंद्र कुमार, मनोज कुमार, सुबोध कुमार, पंकज कुमार, संतोष कुमार, मयंक विश्वकर्मा, उत्तम कुमार, मुन्ना समेत कई सदस्य पंडाल निर्माण और कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे हैं. समिति का कहना है कि इस बार पूजा पंडाल और मूर्ति की सुंदरता पिछले वर्षों से कहीं अधिक भव्य होगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >