सिमडेगा. झारखंड राज्य आजीविका संवर्धन सोसाइटी के तत्वावधान में गुरुवार को सिमडेगा जिला मुख्यालय में व्यक्तिगत ऋण से संबंधित जिला स्तरीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम हुआ. कार्यक्रम में ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों तथा समुदाय आधारित संगठनों को व्यक्तिगत ऋण योजना, मुद्रा लोन की प्रक्रिया व आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दी गयी. कार्यक्रम में राज्य कार्यालय रांची से प्रोजेक्ट मैनेजर राजेश गुप्ता एवं दीपक कुमार उपस्थित थे. उन्होंने मुद्रा लोन की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक कागजात, ऋण चुकाने की शर्तें तथा बैंकों के माध्यम से ऋण स्वीकृति की पूरी प्रक्रिया को सरल भाषा में समझाया. दोनों विशेषज्ञों ने बताया कि व्यक्तिगत ऋण सुविधा से ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार तथा उद्यमिता को बढ़ावा मिलेगा. जिला प्रबंधक संजीता केरकेट्टा ने कहा कि जेएसएलपीएस के माध्यम से समूह की महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ठोस पहल की जा रही है. व्यक्तिगत ऋण जैसी योजनाएं न केवल लोगों को वित्तीय सहयोग प्रदान करती है, बल्कि उन्हें आत्मविश्वास और स्वावलंबन की ओर भी अग्रसर करती है. कार्यक्रम में जिले के सभी प्रखंडों से आये ब्लॉक प्रोजेक्ट मैनेजर, ब्लॉक प्रोजेक्ट ऑफिसर, आइपीआरपी, बैंक सखी, सीआरपीइपी, बीडीएसपी समेत बड़ी संख्या में प्रतिभागी उपस्थित थे. सभी ने इस प्रशिक्षण से लाभान्वित होते हुए संकल्प लिया कि वह अपने-अपने प्रखंडों में ग्रामीण समुदाय को ऋण से संबंधित योजनाओं की जानकारी देंगे और उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करेंगे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
