Darbhanga News: 12 वर्षों तक टाइम-टेबल में दौड़ लगाने के बाद स्थायी ट्रेन के रूप में अब पटरी पर उतरेगी अजमेर शरीफ एक्सप्रेस

Darbhanga News:13 वर्ष पूर्व घोषित अजमेर शरीफ एक्सप्रेस अब जाकर स्थायी ट्रेन के रूप में रेल पटरी पर उतरने जा रही है

Darbhanga News: नवेन्दु, दरभंगा. 13 वर्ष पूर्व घोषित अजमेर शरीफ एक्सप्रेस अब जाकर स्थायी ट्रेन के रूप में रेल पटरी पर उतरने जा रही है. दरभंगा से अजमेर के लिए यह ट्रेन घोषणा के बाद 12 वर्षों तक रेलवे की समय-सारिणी में दौड़ लगाती रही. दो महत्वपूर्ण क्षेत्रों को जोड़ने के साथ ही तीर्थाटन के नजरिए से अहम इस गाड़ी के नियमित परिचालन को लेकर लोग शिद्दत से जरूरत महसूस कर रहे थे. कई बार आवाज भी उठाई. आम यात्रियों के साथ ही रेलवे पर विशेष फोकस रखने वाले संगठनों से लेकर जनप्रतिनिधियों ने भी ट्रेन परिचालन की वकालत की, बावजूद कामयाबी नहीं मिली. अब जाकर इस ट्रेन के नियमित गाड़ी के रूप में परिचालन का रास्ता साफ हुआ है. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस ट्रेन के परिचालन की स्वीकृति से संबंधित पत्र जारी कर दिया है. अमृत भारत एक्सप्रेस के रूप में इसके परिचालन की जानकारी दी है. जल्द ही नियमित ट्रेन का परिचालन आरंभ होने के आसार हैं.

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2012 में दरभंगा से अजमेर शरीफ के लिए सीधी ट्रेन सेवा दिये जाने की घोषणा की गयी थी. अगले ही वर्ष 2013 में इसे रेलवे के टाइम-टेबल में शामिल कर दिया गया. इसके बाद प्रत्येक वर्ष समय-सारिणी में यह गाड़ी दौड़ लगाती रही, किंतु पटरी पर नहीं उतर सकी. बता दें कि जयपुर के रास्ते अजमेर (मदार जंक्शन) जाने वाली यह ट्रेन काफी अहम है. बड़ी संख्या में यात्री राजस्थान की ओर जाते हैं. फिलहाल समस्तीपुर अथवा पटना से उन्हें ट्रेन लेनी पड़ती है. ऐसे में इस गाड़ी के परिचालन से बड़ी राहत मिलेगी.

दो बार स्पेशल के रूप में चल चुकी गाड़ी

यात्रियों की मांग एवं जनप्रतिनिधियों के दबाव को देखते हुए रेल प्रशासन ने दो बार स्पेशल के रूप में इस गाड़ी का परिचालन किया, लेकिन नियमित ट्रेन नहीं दी. बता दें कि 2014 में 05237 नंबर से विशेष गाड़ी ने अजमेर शरीफ के लिए मात्र तीन फेरा लगाया था. 2014 के 23 एवं 30 अप्रैल के अतिरिक्त 14 मई को यह ट्रेन दरभंगा से रवाना हुई थी. वहीं 05238 नंबर से अजमेर से 24 अप्रैल के अलावा एक एवं 15 मई को इस विशेष ट्रेन का परिचालन किया गया था. इस गाड़ी का परिचालन समय वहीं रखा गया था, जो टाइम-टेबल में दर्ज था. 2019 में इसके लिए सूचना के अधिकार के तहत जानकारी मांगी गयी थी. इसके बाद वर्ष 2023 के 20 जुलाई से 10 अगस्त तक साप्ताहिक ट्रेन के रूप में इस स्पेशल ट्रेन को दरभंगा से चलाया गया था. अजमेर से 21 जुलाई से 11 अगस्त तक ट्रेन चलायी गयी थी. हालांकि इसमें कहा गया था कि यात्रियों की संख्या के आधार पर इसके परिचालन विस्तार पर विचार किया जायेगा.

सांसद लगातार कर रहे थे प्रयास

सांसद गोपालजी ठाकुर विशेष तौर पर इस ट्रेन के लिए प्रयासरत थे. 16 फरवरी 2020 को सांसद ने अपने सोशल साइट पर इस बाबत पोस्ट भी किया था, जिसमें तत्कालीन रेल मंत्री पीयूष गोयल के द्वारा जारी पत्र को भी शामिल किया गया था. उस समय मंत्री ने नियमानुसार विचारार्थ एवं कार्यार्थ भेजे जाने की बात कही थी. दो बार विशेष गाड़ी के रूप में इसके परिचालन के लिए भी ठाकुर ने कोशिश की थी. पिछले ही दिनों 23 सितंबर 2025 को सांसद ने मौजूदा रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव से मुलाकात के दौरान इस मुद्दे पर विशेष जोर दिया था. रेल मंत्री ने अमृत भारत एक्सप्रेस के रूप में ट्रेन परिचालन की स्वीकृति का पत्र जारी कर सांसद के प्रयास को परिणाम में बदल दिया. हालांकि उपभोक्ता कल्याण संघ के महासचिव विश्वनाथ शर्मा भी इसके लिए अनवरत आवाज उठाते रहे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Prabhat kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >