बीसपंथी कोठी के मुख्य द्वार के उपर काम करने के दौरान गिरने से मजदूर की हुई मौत के बाद मृतक की पत्नी को बीस पंथी कोठी प्रबंधन के द्वारा आठ लाख की राशि व कोठी में स्थाई नौकरी देने पर सहमति दी है. बता दें कि लगभग 25 वर्षीय मजदूर केंदुवाडीह निवासी दिलीप बेसरा, पिता लेदो बेसरा बीसपंथी कोठी स्थित लगभग तीस फीट ऊंचे मुख्य द्वार पर शुक्रवार को काम कर रहा था. काम करने के दौरान वह अचानक नीचे गिर गया. इससे दिलीप बेसरा गंभीर रूप से घायल हो गया था. प्रबंधन द्वारा घायल मजदूर को आनन फानन में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए धनबाद भेज दिया गया.
धनबाद में इलाज के दौरान हो गयी थी मौत
धनबाद स्थित अस्पताल में गहन चिकित्सा इकाई में इलाज के दौरान शुक्रवार देर रात दिलीप बेसरा ने दम तोड़ दिया. मृतक मजदूर के शव का धनबाद में शनिवार को पोस्टमार्टम भी कराया गया. मजदूर की मौत के बाद एक ओर जहां परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है. मृतक दिलीप बेसरा अपने पीछे पत्नी, दो छोटी बच्ची सहित पूरा परिवार छोड़ गया है. मुआवजे को लेकर देर रात तक मृतक के परिजन, जनप्रतिनिधि एवं संस्था प्रबंधन के बीच बैठक चली.घंटों चली बैठक के अंत में बनी सहमति
घंटो चली बैठक के बाद बीस पंथी कोठी की ओर से लिखित रूप में मुआवजा स्वरुप आठ लाख की राशि एवं मृतक की पत्नी क़ो कोठी में स्थाई नौकरी देने पर सहमति बनी. मौके पर सीओ ऋषिकेश मरांडी, सीआई दसरथ हेंब्रम, थाना प्रभारी संजय यादव, मुखिया कौशल्या टुडू, झामुमो के बिरजू मरांडी, नीलकंठ महतो, विद्याभूषण मिश्रा, शेखर महतो, झरिलाल महतो, लइका तुरी, अमित चंद्रवंशी, जेएलकेएम के सुरेंद्र महतो, दीपक मंडल, गाजो महतो, राजकुमार पटेल आदि मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
