प्रतिनिधि, जामताड़ा. थाना क्षेत्र के बैजनाथडीह गांव के युवक पानालाल हांसदा (32) के तालाब में डूबने से मौत हो गयी. परिजनों के अनुसार, पानालाल हांसदा बीते मंगलवार की शाम लगभग 04 बजे तालाब में नहाने गया था, जब वह शाम 06 बजे तक घर नहीं लौटा तो उसकी खोजबीन करने लगे, लेकिन कहीं उसका अता-पता नहीं चला. सुबह जब ग्रामीण शौच के लिए गांव के समीप तालाब की ओर गये तो देखा की तालाब के घाट पर उसका कपड़ा और चप्पल पड़ा हुआ है. उसी तालाब में परिजन और ग्रामीणों ने मिलकर काफी खोजबीन की. उसका शव बीच तालाब में डूबा हुआ मिला. शव को तालाब से उठाया गया और सूचना जामताड़ा पुलिस को दी. सूचना पाकर पुलिस बैजनाथडीह गांव पहुंची. परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर शव को पोस्टमार्टम के लिए थाना लाया. शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया. परिजनों ने बताया कि पानालाल हांसदा परिवार का एक मात्र कमाऊ व्यक्ति था. वह किसी तरह से अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे. वह अपने पीछे बड़ा बेटा रूबिलाल हांसदा (7 वर्ष), छोटा बेटा विकाश हांसदा (4 वर्ष) और पत्नी संजोती किस्कू 28 वर्ष को छोड़ गये हैं. इस घटना से परिजनाें का रो-रो कर बुरा हाल है. पूरे गांव में मातम छाया हुआ है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
