Ranchi news : झारखंड में 8.92 लाख गरीब परिवार को आठ माह से नहीं मिली चीनी

जनवरी से जून माह तक के लिए 54 हजार क्विंटल चीनी की खरीदारी की जायेगी. चीनी खरीद के लिए प्री बीड मीटिंग हो चुकी है, आठ सितंबर को बीड खोला जायेगा.

रांची.

झारखंड में गरीबों की थाली से मिठास गायब है. राज्य के 8.92 लाख अंत्योदय परिवार को जनवरी से अगस्त माह तक (आठ माह) की चीनी नहीं मिली है. गरीबों को पिछले वर्ष अक्तूबर से दिसंबर माह तक की चीनी पीडीएस डीलरों के माध्यम से बांटी गयी थी. इसके बाद की अवधि की चीनी नहीं मिल पायी है. इधर, झारखंड राज्य खाद्य एवं असैनिक आपूर्ति निगम लिमिटेड ने वित्तीय वर्ष 2024-25 की चौथी तिमाही (जनवरी से मार्च 2025) और चालू वित्तीय वर्ष की प्रथम तिमाही (अप्रैल से जून 2025) के लिए चीनी खरीद के लिए अलग-अलग निविदा निकाली है. इसके तहत सरकार छह माह की चीनी वितरण के लिए 27-27 हजार क्विंटल (कुल 54 हजार क्विंटल) चीनी की खरीद करेगी.

लाभुकों को अभी और इंतजार करना पड़ेगा

इधर, चीनी की खरीद के लिए प्री बीड मीटिंग हो चुकी है. वहीं, आठ सितंबर को बीड खोला जायेगा. इसके बाद चीनी खरीद की प्रक्रिया शुरू होगी. इस प्रक्रिया को पूरा होने में कम से कम एक माह का समय लगेगा. ऐसे में लाभुकों को चीनी के लिए अभी और इंतजार करना होगा. इस योजना के तहत राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम से जुड़े अंत्योदय परिवारों को प्रति परिवार एक किलोग्राम चीनी अनुदानित दर पर उपलब्ध कराने का प्रावधान है. राज्य में अंत्योदय परिवार की संख्या आठ लाख 92 हजार 862 है. इस योजना का क्रियान्वयन रिवॉल्विंग फंड के माध्यम से किया जाता है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: RAJIV KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >