Rourkela News: डेमोक्रेटिक यूथ फेडरेशन ऑफ इंडिया (डीवाइयूएफआइ) का 13वां दो दिवसीय ओडिशा राज्य सम्मेलन इस्पात नगरी राउरकेला के भंज भवन में आयोजित हुआ. शनिवार को शुरू हुए सम्मेलन के पहले दिन भंज भवन के समक्ष एक विशाल युवा सभा का आयोजन किया गया.
जुलूस में राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय नेता हुए शामिल
गुंडिचा मंदिर से जुलूस के रूप में आयोजित इस युवा सम्मेलन में संगठन के अखिल भारतीय महासचिव हिमाघ्नराज भट्टाचार्य, अखिल भारतीय संयुक्त सचिव ध्रुवज्योति साहा, पश्चिम बंगाल राज्य अध्यक्ष अयांशु सरकार, संगठन के राज्य सचिव यतीन मोहंती, माकपा ओडिशा राज्य सचिव सुरेश पाणिग्राही, सीआइटीयू के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विष्णु मोहंती, संगठन के पूर्व राज्य अध्यक्ष युधिष्ठिर बेहरा, राज्य उपाध्यक्ष राजकिशोर प्रधान उपस्थित थे. वक्ताओं ने कहा कि डेमोक्रेटिक यूथ फेडरेशन ऑफ इंडिया अपनी स्थापना के बाद से युवा समाज के हितों, देश की सुरक्षा और लोकतांत्रिक अधिकारों व संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करता रहा है. वक्ताओं ने युवाओं से एकजुट होकर देश के युवा समाज की प्रमुख समस्या बेरोजगारी के खिलाफ लड़ने का आह्वान किया. युवा सम्मेलन संगठन के राज्य अध्यक्ष सरोज नायक की अध्यक्षता में आयोजित किया गया और इस युवा सम्मेलन में ओडिशा के विभिन्न जिलों से प्रतिनिधियों ने भाग लिया.
युवा संगठनों को और मजबूत करने का आह्वान किया
सम्मेलन का प्रतिनिधि सत्र दोपहर में आदर्श पुस्तकालय में आयोजित किया गया. स्वागत समिति के अध्यक्ष विधायक लक्ष्मण मुंडा ने राज्यभर से आये सभी प्रतिनिधियों का स्वागत किया. माकपा के सुंदरगढ़ जिला सचिव प्रमोद सामल ने युवा संगठनों को और मजबूत करने का आह्वान किया. विभिन्न भ्रातृ संगठनों सीटू राज्य उपाध्यक्ष विमान माइती, किसान सभा के राज्य संयुक्त सचिव सुरेंद्र दाश, अखिल भारत जनवादी महिला समिति की राज्य अध्यक्ष सुशीला मुंडा, एसएफआइ के राज्य सचिव चंदन साहू, एएफआइ के पूर्व राज्य अध्यक्ष सदानंद साहू ने सम्मेलन की सफलता की कामना करते हुए बधाई भाषण दिये. राज्य सचिव यतीन मोहंती ने सम्मेलन में एक राजनीतिक और संगठनात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिस पर रविवार को ओडिशा के विभिन्न जिलों के युवा नेताओं ने चर्चा की. इस युवा समागम को सफल बनाने के लिए डीएफआइ सुंदरगढ़ जिला अध्यक्ष शेखर शर्मा, सचिव बादल बारिक, मनोज पूर्ति, स्वागत समिति के कोषाध्यक्ष चंद्रभानु दास, बीपी महापात्र, बसंत नायक, हृदयानंद यादव, प्रभात मोहंती, विश्वजीत मांझी, एनएन पाणिग्राही, एनके राउतराय, विनय बेहुरिया, लक्ष्मीधर नायक, दिवाकर महाराणा, अजय शर्मा, सुरेंद्र मोहंती ने अहम भूमिका निभायी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
