Zanzanit Shevga Curry: अगर आप रोज-रोज की सब्जियों से कुछ अलग और स्वादिष्ट बनाना चाहते हैं, तो झनझनित शेवगा करी एक बेहतरीन विकल्प है. शेवगा यानी सहजन से बनने वाली यह करी महाराष्ट्रियन स्टाइल में बनाई जाती है और इसका तीखा-चटपटा स्वाद खाने में बहुत मजेदार लगता है. @yourcookbook ने आने इंस्टाग्राम में इस रेसिपी को शेयर किया है. इसे आप बड़ी आसानी से बनाकर रोटी, पराठा या गरम-गरम चावल के साथ सर्व कर सकते हैं.
झनझनित शेवगा करी बनाने के लिए जरूरी सामान
- 3–4 सहजन (शेवगा) की फली
- 1 प्याज (बारीक कटा हुआ)
- 1 टमाटर (बारीक कटा हुआ)
- 1 छोटा चम्मच अदरक-लहसुन पेस्ट
- 1/2 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
- 1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
- 1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
- 1/2 छोटा चम्मच गरम मसाला
- 1/2 छोटा चम्मच राई
- 6–7 करी पत्ते
- 2 बड़े चम्मच तेल
- स्वादानुसार नमक
- थोड़ा हरा धनिया
- आवश्यकतानुसार पानी
कैसे बनाते हैं झनझनित शेवगा करी?
- सबसे पहले सहजन की फली को धोकर लगभग 2–3 इंच के टुकड़ों में काट लें.
- अब कड़ाही में तेल गरम करें और उसमें राई डालें. राई चटकने लगे तो करी पत्ते डाल दें.
- इसके बाद कटा हुआ प्याज डालकर हल्का सुनहरा होने तक भूनें.
- अब अदरक-लहसुन पेस्ट डालकर कुछ सेकंड तक भूनें, फिर कटे हुए टमाटर डाल दें.
- टमाटर नरम होने पर हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर और नमक डालकर मसाले को अच्छी तरह पकाएं.
- अब इसमें कटे हुए सहजन डालें और 1–2 मिनट तक मसाले के साथ चलाएं.
- थोड़ा पानी डालकर कड़ाही को ढक दें और मध्यम आंच पर 10–12 मिनट तक पकने दें.
- जब सहजन अच्छी तरह पक जाए, तो ऊपर से गरम मसाला डालें और मिलाएं.
- आखिर में हरा धनिया डालकर गैस बंद कर दें.
- गरमा-गरम झनझनित शेवगा करी को रोटी, पराठा या सादे चावल के साथ परोसें. इसका मसालेदार स्वाद खाने का मजा और भी बढ़ा देता है.
यह भी पढ़ें: Moringa Chutney Recipe: टमाटर-धनिया नहीं, अब रोटी और चावल के साथ बनाएं मोरिंगा की चटनी
यह भी पढ़ें: क्रिएटर रेणुका सालुंके की रेसिपी से तैयार करें मिनटों में मसाला छाछ
