Anar Recipe Ideas: अनार एक ऐसा फल है जिसे हम छीलकर सीधे खाना पसंद करते हैं. इसके छोटे-छोटे लाल दाने देखने में जितने सुंदर होते हैं, खाने में उतने ही स्वादिष्ट लगते हैं. आमतौर पर लोग अनार को ऐसे ही खा लेते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि अनार से कई तरह की अलग और टेस्टी रेसिपीज भी बनाई जा सकती हैं? इस आर्टिकल में हम आपको अनार से बनने वाली कुछ आसान और मजेदार रेसिपीज के बारे में बताएंगे, जिन्हें आप घर पर बहुत आसानी से बना सकते हैं.
अनार का रायता बनाएं
अनार का रायता बनाने के लिए सबसे पहले ताजा दही को अच्छी तरह फेंट लें. अब इसमें ताजे अनार के दाने डालें और हल्के हाथ से मिलाएं. स्वादानुसार नमक, काली मिर्च और थोड़ा भुना जीरा पाउडर डालें. चाहें तो ऊपर से हरा धनिया डालकर सजाएं.
अनार का जूस को करें ट्राई
अनार का जूस बनाने के लिए अनार के दाने निकालकर मिक्सर में डालें और अच्छी तरह पीस लें. इसके बाद जूस को छान लें जिससे बीज अलग हो जाएं. अब इसमें स्वादानुसार शहद या चीनी और थोड़ा काला नमक मिलाएं. इसे गिलास में निकालकर सर्व करें.
अनार की चटनी तैयार करें
अनार की चटनी खट्टी-मीठी और बहुत स्वादिष्ट होती है. इसे बनाने के लिए अनार के दाने, हरी मिर्च, धनिया पत्ती, नमक और थोड़ा नींबू का रस लेकर मिक्सर में पीस लें. आप चाहें तो इसमें थोड़ा गुड़ या चीनी मिलाकर इसका स्वाद और बढ़ा सकते हैं. इसकी चटनी समोसा, कचौड़ी, पराठा या स्नैक्स के साथ बहुत अच्छी लगती है और खाने में अलग स्वाद जोड़ती है.
अनार से जेली बनाएं
अनार की जेली बच्चों को पसंद आने वाली डिश है. इसे बनाने के लिए अनार का जूस निकाल लें और उसमें चीनी मिलाकर धीमी आंच पर पकाएं. जब मिश्रण थोड़ा गाढ़ा होने लगे, तब उसमें थोड़ा सा कॉर्न फ्लोर मिलाएं. इसे अच्छे से पकाकर एक बर्तन में डालें और ठंडा होने दें. कुछ समय बाद यह जेली की तरह सेट हो जाएगी.
यह भी पढ़ें: सिंपल सामग्री से बनाएं रॉयल स्वाद वाला काजू मोती पुलाव, जानें शेफ संजीव कपूर की खास रेसिपी
यह भी पढ़ें: शेफ संजीव कपूर से जानें छोले बनाने का खास तरीका – पालक के साथ मिलेगा स्पेशल पंजाबी स्वाद
