Bathua Recipe Ideas: बथुआ खासतौर पर सर्दियों के मौसम में खूब खाई जाती है. आमतौर पर बथुआ का साग बनाकर खाया जाता है, लेकिन क्या आपको पता है इससे कई तरह की स्वादिष्ट और अलग-अलग रेसिपी भी बनाई जा सकती हैं. इन आर्टिकल में आप बथुआ से बनने वाली 4 रेसिपी के बारे में जान पाएंगे जिसे नाश्ते दिन या लंच के समय तैयार किया जा सकता है.
बथुआ की पूरी
बथुआ की पूरी बनाने के लिए सबसे पहले बथुआ के पत्तों को अच्छी तरह धोकर उबाल लें और ठंडा होने पर पीसकर पेस्ट बना लें. अब एक बर्तन में गेहूं का आटा लें और उसमें बथुआ का पेस्ट, नमक, थोड़ा सा अजवाइन और हल्का सा तेल डालकर सख्त आटा गूंथ लें. आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाकर पूरियां बेलें. कड़ाही में तेल गरम करें और पूरियों को तल लें. गरमा गरम बथुआ पूरी तैयार है.
बथुआ का पराठा
बथुआ का पराठा बनाने के लिए बथुआ के पत्तों को धोकर उबाल लें और बारीक पीस लें. अब आटे में बथुआ का पेस्ट, नमक, लाल मिर्च, हल्दी और थोड़ा सा जीरा मिलाकर नरम आटा गूंथ लें. आटे की लोइयां बनाकर पराठा बेलें और तवे पर तेल या घी लगाकर दोनों तरफ से सुनहरा होने तक सेकें.
बथुआ का चीला
बथुआ का चीला बनाने के लिए बथुआ के पत्तों को धोकर बारीक काट लें. अब एक बाउल में बेसन लें और उसमें बथुआ, नमक, हल्दी, लाल मिर्च, अजवाइन और पानी मिलाकर घोल तैयार करें. गैस में तवे को गरम करें और हल्का तेल लगाकर घोल डालें और फैलाएं. दोनों तरफ से सुनहरा होने तक पकाएं. गरमागरम बथुआ चीला तैयार है, जिसे चटनी के साथ परोस सकते हैं.
बथुआ का रायता
बथुआ का रायता बनाने के लिए बथुआ के पत्तों को धोकर उबाल लें और बारीक काट लें या पीस लें. अब एक बाउल में दही लें और उसे अच्छी तरह फेंट लें. इसमें बथुआ, नमक, भुना जीरा पाउडर और थोड़ा सा काला नमक डालकर अच्छे से मिला लें. ऊपर से लाल मिर्च पाउडर छिड़कें. स्वादिष्ट बथुआ रायता तैयार है.
यह भी पढ़ें: Roasted Chana: बिना तेल घर पर आसानी से बनाएं हेल्दी चना स्नैक्स
यह भी पढ़ें: Gulab Jamun: अब बाजार जाने की जरूरत नहीं, घर पर बनाएं मिल्क पाउडर से टेस्टी गुलाब जामुन
