Parenting Tips: आजकल कई घरों में एक आम समस्या देखने को मिलती है. बच्चे अपनी प्लेट में जरूरत से ज्यादा खाना ले लेते हैं, लेकिन उसे पूरा नहीं खाते. कभी सब्जी छोड़ देते हैं, तो कभी रोटी या चावल प्लेट में ही बचा देते हैं. धीरे-धीरे यह आदत खाने की बर्बादी का कारण बन जाती है. ऐसे में माता-पिता की जिम्मेदारी है कि वे बचपन से ही बच्चों को भोजन की अहमियत (Parenting Tips) समझाएं. कुछ छोटी-छोटी आदतें अपनाकर आप बच्चों को खाने की कद्र करना सिखा सकते हैं.
सबसे पहले भोजन की कीमत समझाएं
बच्चों को यह बताना जरूरी है कि खाना सिर्फ बाजार से खरीदकर नहीं आता, बल्कि इसे तैयार करने में कई लोगों की मेहनत लगी होती है. खेत में किसान फसल उगाते हैं, फिर उसे बाजार तक पहुंचाया जाता है और घर में उसे बनाने में भी समय और मेहनत लगती है. जब बच्चा यह समझेगा कि एक थाली तक खाना पहुंचने के पीछे कितनी मेहनत है, तो वह उसे बेकार नहीं छोड़ेगा.
जितनी भूख हो, उतना ही खाना परोसें
अक्सर बच्चे जरूरत से ज्यादा खाना ले लेते हैं और बाद में उसे खत्म नहीं कर पाते. इसलिए शुरुआत में उनकी प्लेट में कम मात्रा में खाना दें. अगर उन्हें और भूख लगे तो दोबारा परोस दें. इससे प्लेट में खाना बचने की संभावना कम होगी.
खुद भी अच्छी मिसाल बनें (Parenting Tips)
बच्चे अपने माता-पिता को देखकर सबसे ज्यादा सीखते हैं. अगर घर के बड़े लोग प्लेट में खाना छोड़ते हैं या जरूरत से ज्यादा परोस लेते हैं, तो बच्चे भी वही आदत अपनाते हैं. इसलिए कोशिश करें कि जितनी जरूरत हो, उतना ही खाना लें और प्लेट हमेशा साफ करें.
डांटने की बजाय प्यार से समझाएं
अगर बच्चा खाना छोड़ देता है, तो उसे सबके सामने डांटने के बजाय आराम से समझाएं कि भोजन की बर्बादी क्यों नहीं करनी चाहिए. गुस्से से कही गई बात का असर कम होता है, जबकि प्यार से समझाई गई बात बच्चे जल्दी याद रखते हैं.
बच्चों को रसोई के छोटे-छोटे कामों में शामिल करें
छुट्टी के दिन बच्चों को सलाद सजाने, आटा गूंथते समय साथ खड़े रहने या मेज लगाने जैसे आसान काम करने दें. जब वे खाना बनाने की प्रक्रिया को करीब से देखेंगे, तो उन्हें भोजन की मेहनत का अंदाजा होगा और वे उसे बेकार नहीं जाने देंगे.
बचा हुआ खाना इस्तेमाल करना सिखाएं
अगर कभी खाना बच जाए, तो उसे फेंकने के बजाय नए तरीके से इस्तेमाल करना सिखाएं. जैसे बची हुई रोटी से रोल या रोटी चिप्स बनाए जा सकते हैं. इससे बच्चों को यह भी समझ आएगा कि हर चीज का सही उपयोग किया जा सकता है.
खाने के समय मोबाइल और टीवी से रखें दूरी
मोबाइल या टीवी देखते हुए बच्चे अक्सर बिना ध्यान दिए खाना खाते हैं और प्लेट में काफी खाना छोड़ देते हैं. इसलिए कोशिश करें कि पूरा परिवार एक साथ बैठकर बिना किसी स्क्रीन के खाना खाए. इससे बच्चा अपनी भूख के अनुसार खाएगा और खाना बर्बाद भी कम होगा.
छोटी-छोटी बातों पर करें तारीफ (Parenting Tips)
अगर बच्चा अपनी प्लेट का खाना पूरा खत्म करता है या खुद कहता है कि उसे कम खाना चाहिए, तो उसकी तारीफ जरूर करें. तारीफ करने से अच्छी आदतें जल्दी डेवलप होती हैं और बच्चे उन्हें लंबे समय तक अपनाते हैं.
यह भी पढ़ें: क्या बच्चों के सामने पैरेंट्स का झगड़ना सही है? जानें इनका असर
