Love Handles Workout: आजकल की खराब लाइफस्टाइल के कारण हम फिजिकली एक्टिव रहना बिल्कुल छोड़ चुके हैं. घंटों एक ही जगह बैठकर काम करना, गलत खान-पान और हर समय सुस्त रहने की वजह से शरीर में फैट और वजन काफी तेजी से बढ़ रहा है. जब वजन बढ़ता है, तो इसका सबसे बुरा असर हमारी कमर पर देखने को मिलता है. इसके दोनों तरफ जमी चर्बी हमारे पूरे लुक को खराब कर देती है. इस साइड फैट को हम आसान भाषा में 'लव हैंडल्स' कहते हैं, जिन्हें घटाना सबसे ज्यादा मुश्किल काम होता है. अगर आपकी कमर के आसपास भी ऐसी जिद्दी चर्बी जम चुकी है, तो यह आर्टिकल आपके बहुत काम का है. आज हम आपको 5 ऐसी सिंपल एक्सरसाइज बताएंगे, जिन्हें हर दिन सिर्फ 15 मिनट करके आप अपनी कमर को एकदम स्लिम और सही शेप में ला सकते हैं. तो चलिए इन एक्सरसाइज के बारे में विस्तार से जानते हैं.
पेट के ऊपरी हिस्से और साइड फैट के लिए बाइसिकल क्रंचेस
इस एक्सरसाइज को पेट के ऊपरी हिस्से और कमर के साइड में मौजूद फैट को खत्म करने के लिए सबसे बेस्ट माना जाता है. इसे घर पर भी करना बहुत ही ज्यादा आसान है. जब आप इसे करते हैं, तो आपके पेट के मसल्स पर काफी अच्छा प्रेशर या फिर लोड पड़ता है. इसे करने के लिए सबसे पहले जमीन पर अपने पीठ के बल सीधे होकर लेट जाएं. इसके बाद अपने दोनों हाथों को सिर के पीछे रखें और पैरों को जमीन से थोड़ा ऊपर उठा लें. अब अपने दाहिने घुटने को मोड़कर छाती की तरफ लाएं और बाईं कोहनी से उस घुटने को छूने की कोशिश करें. इसके तुरंत बाद इसी चीज को दूसरी तरफ से भी करें, इसका मतलब बाएं घुटने को दाहिनी कोहनी से छुएं. यह बिल्कुल वैसा ही है जैसे आप हवा में साइकिल चला रहे हों. इसे बहुत ही ज्यादा स्पीड से करने की जरूरत नहीं है. इसे उसी स्पीड से करें जिसमें आपको अपने पेट पर खिंचाव महसूस हो. हर दिन इस एक्सरसाइज के 3 सेट करें और हर सेट में 15 से 20 रिपिटेशन रखें.
ये भी पढ़ें: रात की भूख भी मिटेगी और वजन भी नहीं बढ़ेगा, डिनर में शामिल करें ये 5 सुपर लो कैलोरी फूड्स
कमर के साइड वाले हिस्से को टोन करने के लिए रशियन ट्विस्ट
अगर आप अपने कमर के साइड वाले हिस्से को टोन करना और वहां जमी चर्बी को पिघलाना चाहते हैं, तो इसके लिए रशियन ट्विस्ट को एक जबरदस्त एक्सरसाइज माना जाता है. इसे भी आप काफी आसानी से अपने ही घर पर कर सकते हैं. इसे करने के लिए सबसे पहले जमीन पर एक मैट बिछाकर उस पर बैठ जाएं. इसके बाद अपने घुटनों को थोड़ा मोड़ें और पैरों को जमीन से थोड़ा ऊपर उठा लें. अब आपको अपने शरीर का पूरा बैलेंस अपने हिप्स पर बनाना है. इसके बाद अपने दोनों हाथों को आपस में जोड़ लें और अपनी अपर बॉडी, यानी कि कमर से ऊपर वाले हिस्से को एक बार पूरी तरह दाईं तरफ और फिर पूरी तरह बाईं तरफ घुमाएं. इसे और मजेदार तथा असरदार बनाने के लिए आप हाथ में पानी की एक बोतल या कोई हल्की चीज भी पकड़ सकते हैं. आपको इसके 3 सेट करने हैं और हर एक सेट में 20 रिपिटेशन रखना है. इसे रेगुलर बेसिस पर करने से आपको काफी कम समय में फायदा दिख सकता है.
फैट घटाने के साथ कोर स्ट्रेंथ बढ़ाने के लिए साइड प्लैंक
साइड प्लैंक के बारे में अगर बात करें, तो यह एक ऐसी एक्सरसाइज है जो सिर्फ चर्बी घटाने में आपकी मदद नहीं करती है, बल्कि यह आपकी कमर और पूरे कोर को अंदर से स्ट्रॉन्ग बनाने में भी मदद करती है. इसे करने के लिए सबसे पहले जमीन पर किसी भी एक तरफ करवट लेकर लेट जाएं. इसके बाद अपने एक हाथ की कोहनी और अपने पैरों के किनारों पर पूरे शरीर का वजन डालकर शरीर को ऊपर उठाएं. इस बात का ख्याल रखें कि आपका शरीर सिर से लेकर पैर तक बिल्कुल एक सीधी लाइन में होना चाहिए, यह बीच से झुकना बिल्कुल भी नहीं चाहिए. अब इसी पोजीशन में खुद को 20 से 30 सेकंड तक रोक कर रखने की कोशिश करें और नॉर्मल तरीके से सांस लेते रहें. इसके बाद इसी चीज को दूसरी करवट लेकर भी करें. शुरुआत में बैलेंस बनाना थोड़ा मुश्किल लग सकता है, लेकिन प्रैक्टिस से यह आसान हो जाएगा. इस एक्सरसाइज को दोनों ही तरफ 2-2 बार करें.
ये भी पढ़ें: पतले होने की जल्दबाजी में लोग अक्सर कर बैठते हैं ये 5 गलतियां, जान लें इससे पहले कि सेहत को पहुंचे नुकसान
साइड फैट घटाने के लिए सबसे आसान हील टच एक्सरसाइज
यह एक इतना आसान एक्सरसाइज है कि इसे कोई भी काफी आसानी से पहली बार में ही सीख सकता है. जब आप इस एक्सरसाइज को करते हैं, तो इसका सीधा असर आपकी कमर के साइड में जमी चर्बी पर पड़ता है. इसे करने के लिए सबसे पहले पीठ के बल सीधे लेट जाएं और फिर अपने घुटनों को मोड़कर अपने पैरों के तलवों को जमीन पर सटाकर रखें. अब अपने दोनों हाथों को शरीर के दोनों साइड में सीधा रखें. इसके बाद अपनी गर्दन और कंधों को जमीन से थोड़ा सा ऊपर उठाएं. फिर दाईं तरफ झुकते हुए अपने दाहिने हाथ से दाहिनी एड़ी को छुएं, और फिर बाईं तरफ झुकते हुए बाएं हाथ से बाईं एड़ी को छुएं. इसे करते समय अपनी गर्दन पर झटका न दें, बल्कि पूरा जोर कमर के साइड वाले हिस्से पर आने दें. आपको इस एक्सरसाइज के भी 3 सेट करने हैं और हर सेट में 20 से 25 रिपिटेशन होने चाहिए.
लव हैंडल्स को तेजी से पिघलाए माउंटेन क्लाइम्बर्स विद ट्विस्ट
माउंटेन क्लाइम्बर्स एक बहुत ही मजेदार और हाई-एनर्जी वर्कआउट है. यह पूरे शरीर का फैट बर्न करने में तो मदद करती ही है, बल्कि साथ ही लव हैंडल्स को भी बहुत ही तेजी से घटाने में मदद करती है. इसे करने के लिए सबसे पहले जमीन पर पुश-अप्स लगाने वाली पोजीशन में आ जाएं. आपके दोनों हाथ आपके कंधों की सीध में होने चाहिए और शरीर सीधा होना चाहिए. अब अपने दाहिने घुटने को मोड़ते हुए उसे अंदर की तरफ लाएं और बाईं कोहनी से छूने की कोशिश करें, फिर पैर पीछे ले जाएं. इसके तुरंत बाद बाएं घुटने को दाहिनी कोहनी की तरफ लाएं. इसे एक स्पीड में लगातार करते रहें, जैसे आप किसी पहाड़ पर तिरछे होकर चढ़ रहे हों. इसे लगातार 30 से 45 सेकंड तक करें और इसके 3 सेट पूरे करें.
इन बातों का भी जरूर रखें ख्याल
सिर्फ 15 मिनट में किए जाने वाले ये 5 एक्सरसाइज लव हैंडल्स को कम करने में काफी ज्यादा मददगार साबित हो सकते हैं, लेकिन आपको कुछ बातों का अलग से भी ख्याल रखना ही पड़ेगा. सिर्फ एक्सरसाइज करने से ही आपको रिजल्ट देखने को नहीं मिलेंगे. इसके लिए आपको अपनी डाइट पर भी ध्यान देना शुरू कर देना होगा. अपनी डाइट से सबसे पहले शुगर-लोडेड चीजों को साइड करें; इसके अलावा कोल्ड ड्रिंक्स, समोसे-बर्गर और पिज्जा जैसी सभी जंक फूड्स से भी दूरी बना लें. सही मात्रा में पानी पीएं और अपने स्ट्रेस लेवल्स का भी ख्याल रखना शुरू कर दें. जब आप इन बातों का ख्याल रखने लगेंगे, तो आपको कुछ ही हफ्तों में फर्क बिल्कुल साफ नजर आने लगेगा.
ये भी पढ़ें: पेट की जिद्दी चर्बी से हैं परेशान? हर सुबह पिएं ये ड्रिंक्स, एक महीने में 4 से 5 किलो तक कम हो सकता है वजन
