Janmashtami Special Recipe: जन्माष्टमी का त्योहार भगवान श्रीकृष्ण के जन्मदिन के रूप में पूरे भारत में बहुत ही खुशी और धूमधाम से मनाया जाता है. इस खास दिन पर लोग पूरे दिन उपवास रखते हैं और रात को 12 बजे भगवान कृष्ण के जन्म के बाद उन्हें भोग लगाकर अपना व्रत खोलते हैं. पूजा-पाठ का माहौल होने की वजह से इस दिन घर पर सिर्फ सात्विक चीजें ही बनाई जाती हैं. सात्विक का अर्थ होता है वे चीजें जिन्हें बनाने में प्याज और लहसुन का इस्तेमाल बिल्कुल भी नहीं किया जाता है. अगर आप भी इस जन्माष्टमी घर पर बिना प्याज-लहसुन की रेसिपीज बनाना चाहते हैं, तो आज का यह आर्टिकल आपके काम का साबित होने वाला है. आज हम आपको कुछ ऐसे टेस्टी और चटपटे डिशेज के बारे में बताने जा रहे हैं जिन्हें आप इस जन्माष्टमी बिना प्याज और लहसुन के बना सकते हैं, अपना व्रत खोलने के लिए. तो चलिए इन रेसिपीज के बारे में जानते हैं विस्तार से.
धनिया पंजीरी के बिना पूजा मानी जाती है अधूरी
धनिया पंजीरी के बिना जन्माष्टमी की पूजा अधूरी मानी जाती है। यह कान्हा जी का सबसे मुख्य प्रसाद है और खाने में भी बहुत टेस्टी लगता है. इसे बनाने के लिए सबसे पहले सूखी साबुत धनिया को कढ़ाई में बिना तेल के हल्का सा भून लें. जब यह ठंडी हो जाए तो इसे मिक्सी में बारीक पीस लें. अब कढ़ाई में थोड़ा सा देसी घी गर्म करें और उसमें मखाने, काजू, बादाम और कसा हुआ नारियल लाइट गोल्डन होने तक तलकर निकाल लें. इसके बाद उसी कढ़ाई में थोड़ा और घी डालें और पिसी हुई धनिया को धीमी आंच पर तब तक भूनें जब तक कि उसमें से अच्छी खुशबू न आने लगे. जब धनिया ठंडी हो जाए, तो उसमें पिसी हुई चीनी, तले हुए मेवे और थोड़ा सा इलायची पाउडर मिलाकर अच्छे से मिक्स कर लें. आपकी टेस्टी धनिया पंजीरी तैयार है.
ये भी पढ़ें: रोज के पोहा, उपमा से हो गए हैं बोर? सिर्फ 15 मिनट में बनाएं 5 तरह के अप्पे, स्वाद ऐसा कि बार-बार बनाने का करेगा मन
जरूर ट्राय करें व्रत वाले रसेदार आलू
बिना लहसुन और प्याज के बनने वाली यह आलू की सब्जी बहुत ही जल्दी बनती है और खाने में बहुत टेस्टी भी होती है. इसे बनाने के लिए सबसे पहले उबले हुए आलू को छीलकर हाथों से हल्का सा मैश कर लें. अब कढ़ाई में देसी घी या तेल गर्म करें और फिर उसमें जीरा, कटी हुई हरी मिर्च और कद्दूकस किया हुआ अदरक डालकर हल्का सा भूनें. इसके बाद बारीक कटे टमाटर डालें और उनके गलने तक पकाएं. अब इसमें सेंधा नमक, काली मिर्च पाउडर, थोड़ा सा धनिया पाउडर और भुना जीरा पाउडर मिलाएं. जब मसालों में से तेल अलग होने लगे, तो उबले आलू और अपनी पसंद के हिसाब से पानी डालकर 5 से 7 मिनट तक उबलने दें. लास्ट में ऊपर से हरा धनिया डालकर गैस बंद कर दें.
गर्मागर्म कुट्टू या सिंघाड़े के आटे की पूरी
रसेदार आलू की सब्जी के साथ गर्मागर्म पूरियां बहुत बढ़िया लगती हैं. व्रत में गेहूं के आटे की जगह कुट्टू या सिंघाड़े के आटे का इस्तेमाल किया जाता है. इन्हें बनाने के लिए एक बर्तन में कुट्टू या सिंघाड़े का आटा लें. अब इसमें उबला हुआ मैश किया आलू, थोड़ा सा सेंधा नमक, बारीक कटी हरी मिर्च और हरा धनिया मिलाएं. आलू की नमी से ही आटा आसानी से गुंध जाता है, इसलिए इसमें पानी बहुत कम डालें. आटा गुंधने के बाद इसकी छोटी-छोटी लोइयां बनाएं. कुट्टू का आटा थोड़ा अलग होता है, इसलिए इसे हाथों से थपथपाकर या किसी प्लास्टिक शीट के बीच रखकर हल्के से बेल लें. अब कढ़ाई में तेल गर्म करें और इन पूरियों को मीडियम आंच पर दोनों तरफ से क्रिस्पी होने तक तल लें.
ये भी पढ़ें: नमकीन से लेकर मीठे तक, मखाने से बनाएं ये 5 इंस्टेंट स्नैक्स, मिटेगी शाम की भूख और चाय का मजा भी होगा दोगुना
कुछ लाइट, टेस्टी और हेल्दी खाना है तो मखाना खीर
मखाना खीर एक बहुत ही लाइट, टेस्टी और हेल्दी मिठाई है, जिसे आप भगवान के भोग में भी चढ़ा सकते हैं. इसे बनाने के लिए सबसे पहले 1 लीटर दूध को एक बड़े बर्तन में उबलने के लिए रख दें. अब दूसरी तरफ एक पैन में थोड़ा सा घी डालकर मखानों को हल्का क्रिस्पी होने तक भून लें. अब भुने हुए मखानों में से आधे मखाने मिक्सी में हल्के दरदरे पीस लें और बाकी के आधे मखाने ऐसे ही साबुत रहने दें. जब दूध थोड़ा गाढ़ा हो जाए, तो उसमें साबुत और पिसे हुए मखाने डाल दें. अब इसे धीमी आंच पर 10 से 15 मिनट तक पकने दें ताकि मखाने दूध को सोख लें. जब खीर गाढ़ी हो जाए, तो इसमें स्वाद के हिसाब से चीनी, इलायची पाउडर और कटे हुए काजू-बादाम मिलाकर 2 मिनट बाद गैस बंद कर दें.
अगर कुछ क्रिस्पी और चटपटा खाना है तो साबूदाना वड़ा
अगर आपको व्रत में कुछ क्रिस्पी और चटपटा खाने का मन करे, तो साबूदाना वड़ा सबसे बेस्ट ऑप्शन है. इसे बनाने के लिए साबूदाने को 4 से 5 घंटे के लिए पानी में भिगोकर रख दें. जब साबूदाना अच्छे से फूल जाए और सॉफ्ट हो जाए, तो उसका पानी छानकर उसे एक बर्तन में निकाल लें. अब इसमें उबले हुए मैश किए आलू, भुनी और पिसी हुई मूंगफली का पाउडर, हरी मिर्च, सेंधा नमक, थोड़ा सा नींबू का रस और हरा धनिया डालें. इन सभी चीजों को अच्छे से मिलाकर गोल-गोल टिक्की का शेप दे लें. अब कढ़ाई में तेल गर्म करें और इन वड़ों को मीडियम आंच पर दोनों तरफ से गोल्डन और एकदम क्रिस्पी होने तक फ्राई कर लें.
ये भी पढ़ें: हर शाम समोसे और पकौड़े खाकर नहीं बिगाड़ना चाहते सेहत? ट्राय करें सूजी से बनने वाले ये 5 इंस्टेंट स्नैक्स
