Bigg Boss 20 के घर में अब पक्की दोस्तों के बीच भी तलवारें खिंचने लगी हैं. लेटेस्ट एपिसोड में सिर्फ एक शब्द पर इतना बड़ा बवाल कट गया कि घर का माहौल गरमा गया. हुआ ये कि कंटेस्टेंट लव गिल ने भोजपुरी क्वीन आम्रपाली दुबे को हंसी-मजाक में 'टुनटुन' बोल दिया. बस फिर क्या था, आम्रपाली का पारा चढ़ गया और उन्होंने इसे सीधे-सीधे बॉडी शेमिंग बता दिया. इसके बाद दोनों सहेलियों के बीच जमकर तू-तू मैं-मैं देखने को मिली.
प्यार से बोला या मारा वजन पर ताना?
लव गिल का कहना था कि उन्होंने यह शब्द किसी गलत नीयत से नहीं, बल्कि प्यार में कहा था. लेकिन आम्रपाली को यह बात दिल पर लग गई. उन्हें लगा कि उनके फिगर और वजन को लेकर यह मजाक उड़ाया गया है. आम्रपाली ने सीधे लव से कहा कि एक अच्छी दोस्त से उन्हें ऐसी बात सुनने की उम्मीद कभी नहीं थी.
ये भी पढ़ें: हेयर ट्रांसप्लांट या नई फिल्म का सीक्रेट लुक... Bigg Boss 20 में Salman Khan के सिर से क्यों नहीं हट रही हैट?
माफी मांगने के बजाय उल्टा दिखाई अकड़
आम्रपाली का गुस्सा ठंडा हो जाता अगर लव सिर्फ इतना कह देतीं कि आगे से ऐसा नहीं बोलेंगी. लेकिन लव ने सॉरी कहने के बजाय उल्टा आम्रपाली पर ही गुस्सा निकाल दिया. लव ने साफ कह दिया कि वे उन्हें ताना मारना बंद करें और खुद को इतना खास दोस्त भी न समझें. दोस्त का यह बर्ताव आम्रपाली को बहुत बुरा लगा.
पीठ पीछे बात करने पर फिर हुआ आमना-सामना
बात यहीं खत्म नहीं हुई. लव गिल कमरे में जाकर आसिफ और बाकी घरवालों से आम्रपाली की ही शिकायत करने लगीं. लव ने कहा कि आम्रपाली छोटी सी बात का बतंगड़ बना रही हैं. आम्रपाली ने यह सब सुन लिया और वे फिर लव के सामने जा पहुंचीं. उन्होंने साफ कहा कि किसी के भारी शरीर को लेकर 'टुनटुन' बोलना कोई मजाक नहीं, बल्कि सीधा बॉडी शेमिंग है.
ये भी पढ़ें: Bigg Boss 20 Weekend Ka Vaar Promo: सलमान खान की अदालत में माही विज की पेशी, Scout की 'Biased' कमेंट पर लगाई क्लास
'टुनटुन' नाम पर इतना गुस्सा क्यों आया?
जब बहस बढ़ी तो लव ने कहा कि उन्हें पता ही नहीं था कि किसी इंसान के लिए 'टुनटुन' शब्द का क्या मतलब होता है. इस पर आम्रपाली ने कहा कि सबको पता है कि यह नाम क्यों लिया जाता है.
दरअसल, बीते दौर की मशहूर एक्ट्रेस और सिंगर उमा देवी खत्री का फिल्मी नाम 'टुनटुन' था, जो अपने ज्यादा वजन और कॉमेडी किरदारों के लिए जानी जाती थीं. आम्रपाली का कहना था कि उनके शरीर को देखकर ही उन्हें चिढ़ाने के लिए यह नाम दिया गया.
