टीवी एक्टर गौरव खन्ना और उनकी पत्नी आकांक्षा चमोला के तलाक की खबरों ने पिछले दिनों फैंस को हैरान कर दिया था. रिएलिटी शो 'लॉक अप 2' में आकांक्षा द्वारा किए गए खुलासे के बाद से ही दोनों का रिश्ता टॉक ऑफ द टाउन बना हुआ है. इसी बीच सोशल मीडिया पर यह अफवाहें उड़ने लगीं कि आकांक्षा ने तलाक के बदले गौरव खन्ना से 10 करोड़ रुपये की भारी-भरकम एल्युमनी मांगी है. अब इन अफवाहों और अपनी पर्सनल लाइफ पर आकांक्षा चमोला ने खुलकर बात की है और ट्रोल्स को करारा जवाब दिया है.
'अगर इतने पैसे होते तो देश छोड़ चुकी होती'
हाल ही में 'मैशबल इंडिया' को दिए एक इंटरव्यू में आकांक्षा चमोला से जब 10 करोड़ रुपये एल्युमनी मांगने की खबरों पर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने इन अफवाहों को सिरे से खारिज कर दिया. आकांक्षा ने हंसते हुए कहा, "अगर मांगा होता और अगर मिल गया होता तो मैं यहाँ बैठती? अगर सच में मेरे पास इतने पैसे होते ना, तो मैं कब का यह देश छोड़कर चली गई होती." उन्होंने आगे मजाक में कहा कि अगर उनके पास इतने पैसे होते तो वह इंटरव्यू देने के बजाय दुनिया की सैर कर रही होतीं.
'लॉक अप 2' में गौरव की एंट्री से हड़कंप
जब आकांक्षा ने शो के प्रीमियर पर खुलासा किया था कि वे दोनों अलग हो रहे हैं, तो फैंस के साथ-साथ उनके परिवार वाले भी हैरान रह गए थे. शो के तीसरे हफ्ते में गौरव खन्ना ने बतौर गेस्ट एंट्री ली थी और आकांक्षा को बताया था कि उनके इस खुलासे के बाद दोनों परिवारों को कितना बड़ा झटका लगा था और गौरव को घर वालों के तीखे सवालों का सामना करना पड़ा था.
शादी, बच्चों और असेक्शुअल होने पर कही बात
शो के दौरान अपनी पर्सनल लाइफ पर बात करते हुए आकांक्षा ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए थे. उन्होंने बताया कि उनमें मदरहुड का कोई इंस्टिंक्ट नहीं है. आकांक्षा के मुताबिक, "99% लोग शादी इसलिए करते हैं ताकि बच्चे हों और परिवार आगे बढ़े. गौरव अपनी जगह गलत नहीं हैं, लेकिन 'बिग बॉस' के वक्त मुझे अहसास हुआ कि उन्हें बच्चा चाहिए और मैं ऐसा नहीं कर पा रही हूँ. मैं उन्हें किसी मुश्किल स्थिति में नहीं डालना चाहती." इसके अलावा आकांक्षा ने शादी से पहले खुद को बायसेक्शुअल और अब असेक्शुअल होने की बात भी कबूली थी.
2016 में हुई थी ग्रैंड वेडिंग
बता दें कि आकांक्षा चमोला और गौरव खन्ना की पहली मुलाकात एक ऑडिशन के दौरान हुई थी, जहाँ दोनों के बीच प्यार हुआ. लंबे समय तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद दोनों ने 24 नवंबर 2016 को गौरव के होमटाउन कानपुर में एक ग्रैंड वेडिंग की थी. 8 साल की शादी के बाद अब दोनों के अलग होने की खबरों ने फैंस को मायूस कर दिया है.
ये भी पढ़ें: “कमेटी भंग नहीं हुई...": CINTAA ऑफिस से दस्तावेज ले जाने पर बोली पद्मिनी कोल्हापुरी, पुलिस के सामने हुआ जमकर हंगामा
