टीवी एक्टर जतिन रैना इन दिनों म्यूजिकल रोमांटिक टेलीविजन ड्रामा ‘सैराब’ में कृष का किरदार निभाते नजर आ रहे हैं. इस शो में जतिन, मुख्य किरदार ईशान के मैनेजर और करीबी दोस्त की भूमिका निभा रहे हैं. हाल ही में अभिनेता ने एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में अपने अब तक के सफर, चुनौतियों और भविष्य के लक्ष्यों को लेकर खुलकर बात की.
इंडस्ट्री में अब तक का कैसा रहा सफर?
जतिन रैना टेलीविजन इंडस्ट्री का जाना-पहचाना नाम हैं. वह कलर्स टीवी के शो ‘नयनतारा’ और स्टार प्लस के चर्चित शो ‘अनुपमा’ में भी नजर आ चुके हैं. अपने अब तक के अनुभव को साझा करते हुए जतिन ने बताया कि उनका सफर सीखने, चुनौतियों और रोमांचक अवसरों से भरा रहा है. उनके मुताबिक, एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री काफी अनिश्चित है और यहां धैर्य रखना बेहद जरूरी है, क्योंकि हर चीज तुरंत नहीं मिलती.
उन्होंने कहा कि कभी चीजें उनके पक्ष में होती हैं तो कभी नहीं, लेकिन धीरे-धीरे उन्होंने इस प्रक्रिया को स्वीकार करना सीख लिया है.
‘हर प्रोजेक्ट ने मुझे कुछ नया सिखाया’
जतिन ने बताया कि सेट पर काम करने, अलग-अलग लोगों से मिलने और अपनी मेहनत को दर्शकों तक पहुंचते देखने का अनुभव बेहद खास होता है. उनके अनुसार, यही अनुभव इंडस्ट्री में आने वाली मुश्किलों और लंबे इंतजार को सार्थक बनाता है. अभिनेता ने कहा कि हर प्रोजेक्ट, चाहे वह बड़ा हो या छोटा, ने उन्हें एक्टिंग के साथ-साथ खुद को समझने के बारे में भी कुछ नया सिखाया है.
अभी सफर की शुरुआत पर फोकस
जतिन का कहना है कि वह अभी अपने करियर की शुरुआत में हैं और फिलहाल उनका पूरा ध्यान खुद को बेहतर बनाने और लगातार सीखने पर है. वह जल्दबाजी में कोई फैसला नहीं लेना चाहते, बल्कि धीरे-धीरे आगे बढ़ना चाहते हैं. उन्होंने कहा कि वह अपने किरदारों को बेहतर तरीके से समझना और अपनी परफॉर्मेंस में ईमानदारी लाना चाहते हैं.
एक्टिंग को लंबी पारी के तौर पर देखते हैं जतिन
जतिन के लिए एक्टिंग सिर्फ कुछ वर्षों के लिए किया जाने वाला करियर या नौकरी नहीं है. वह इसे लंबे समय तक चलने वाले सफर के रूप में देखते हैं. उनका लक्ष्य एक ऐसे अभिनेता के तौर पर पहचान बनाना है, जो हर किरदार के लिए लगातार मेहनत करे, अपने काम के प्रति समर्पित रहे और निरंतरता बनाए रखे.
क्या है ‘सैराब’ की कहानी?
‘सैराब’ डॉ. नयनिका रॉय और मशहूर सेलिब्रिटी रॉकस्टार ईशान गांगुली की कहानी है. नयनिका एक सिंगल वर्किंग मदर हैं, जबकि ईशान एक लोकप्रिय रॉकस्टार है. दोनों की दुनिया एक-दूसरे से बिल्कुल अलग है, लेकिन परिस्थितियां उन्हें करीब ले आती हैं. इसके बाद कहानी परिवार, रिश्तों और रोमांस के बीच आगे बढ़ती है.
