Mardaani 3 Box Office Day 8: बॉलीवुड में जब भी किसी हिट फ्रेंचाइजी की नई किस्त आती है, तो लोगों की उम्मीदें अपने-आप बढ़ जाती हैं. ‘मर्दानी 3’ को लेकर भी कुछ ऐसा ही माहौल था. एक बार फिर रानी मुखर्जी दबंग पुलिस अफसर शिवानी शिवाजी रॉय के रोल में नजर आईं और फिल्म ने ओपनिंग वीकेंड पर ठीक-ठाक कमाई भी की. लेकिन जैसे ही वीकडेज शुरू हुए, फिल्म की रफ्तार धीमी पड़ती दिखाई दी.
2 करोड़ से भी कम कमाई
बॉक्स ऑफिस के आंकड़ों की बात करें तो Sacnilk की रिपोर्ट के मुताबिक सातवें दिन फिल्म ने करीब 1.85 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया. वहीं आठवें दिन सुबह तक के शुरुआती आंकड़ों में इसकी कमाई लगभग 1.75 करोड़ रुपये बताई जा रही है. इसी के साथ फिल्म का कुल नेट कलेक्शन करीब 28.05 करोड़ रुपये पहुंच गया है. हालांकि फाइनल आंकड़े देर रात तक अपडेट हो सकते हैं.
रानी मुखर्जी ने ली 7 करोड़ की फीस
फिल्म के बजट की बात करें तो ‘मर्दानी 3’ लगभग 60 करोड़ रुपये में बनी बताई जा रही है. मौजूदा कमाई को देखते हुए ऐसा लग रहा है कि थिएटर से ही पूरा बजट निकालना फिल्म के लिए थोड़ा मुश्किल हो सकता है. रिपोर्ट्स के मुताबिक रानी मुखर्जी ने इस फिल्म के लिए करीब 7 करोड़ रुपये फीस ली है.
फिल्म को मिली मिली-जुली प्रतिक्रिया
कहानी एक गंभीर सामाजिक मुद्दे, लड़कियों की तस्करी, पर आधारित है. रिलीज के बाद फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली है. रानी मुखर्जी एक बार फिर अपने दमदार अंदाज में नजर आ रही हैं, वहीं मल्लिका प्रसाद ‘अम्मा’ के रोल में खतरनाक विलेन के तौर पर दिखी हैं. जानकी बोदीवाला भी फिल्म में एक अहम किरदार निभाती नजर आती हैं.
यह भी पढे़ं: रानी मुखर्जी की फिल्म मर्दानी 3 की रफ्तार पड़ी धीमी, लागत बजट तक भी पहुंचना मुश्किल
