Dhamaal Indra Kumar: फिल्ममेकर इंद्र कुमार और प्रोड्यूसर अशोक ठकेरिया पर साल 2007 में रिलीज हुई कॉमेडी फिल्म ‘धमाल’ के राइट्स को लेकर 1.50 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी का आरोप लगा है. मुंबई के फिल्म डिस्ट्रीब्यूटर विकास बलदेव राज साहनी ने दोनों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. आरोप है कि फिल्म के कुछ राइट्स ऐसी कंपनी को बेचे गए, जिन्हें पहले ही किसी दूसरी कंपनी को दिया जा चुका था.
Vikas Baldev Sahni Filed FIR: विकास ने दर्ज किया FIR
विकास बलदेव राज साहनी मुंबई की फिल्म डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी ‘ग्रैंड मास्टर’ के मालिक हैं. उनकी शिकायत के आधार पर 17 अगस्त को अंबोली पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज की गई. यह मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और 3(5) के तहत दर्ज हुआ है. ये धाराएं धोखाधड़ी और एक से ज्यादा लोगों की मिलीभगत से किए गए अपराध से जुड़ी हैं.
What Maruti International Said: मारुति इंटरनेशनल ने क्या कहा?
आरोपों के सामने आने के बाद अशोक ठकेरिया से जुड़ी कंपनी मारुति इंटरनेशनल ने मामले पर प्रतिक्रिया दी है. कंपनी का कहना है कि विवाद को सुलझाने के लिए संबंधित पक्ष से बातचीत चल रही है. कंपनी के मुताबिक, राइट्स से जुड़े मामले को आगे की बातचीत के बाद आपसी सहमति से हल करने की कोशिश की जा रही है.
The Alleged Deal was Stuck for 1.50 Crore: 1.50 करोड़ रुपये में हुई थी कथित डील
न्यूज रिपोर्ट के मुताबिक, विकास साहनी ने अपनी शिकायत में बताया कि 15 अक्टूबर 2019 को ‘ग्रैंड मास्टर’ ने मारुति इंटरनेशनल के साथ एक एग्रीमेंट किया था. इस डील के तहत कंपनी ने ‘धमाल’ के परमानेंट वर्ल्डवाइड डिस्ट्रीब्यूशन, डिजिटल और कॉपीराइट राइट्स के लिए 1.50 करोड़ रुपये का भुगतान किया था.
विकास का आरोप है कि उन्हें बताया गया था कि फिल्म के ये राइट्स किसी दूसरी कंपनी को नहीं बेचे गए हैं। लेकिन बाद में उन्हें पता चला कि फिल्म के लाइफटाइम OTT और डिजिटल राइट्स साल 2015 में ही शेमारू एंटरटेनमेंट लिमिटेड को दिए जा चुके थे. यानी ग्रैंड मास्टर के साथ हुए समझौते से करीब चार साल पहले ही इन राइट्स की डील हो चुकी थी.
Controversy Occured After old Agreements: पुराने एग्रीमेंट से सामने आया विवाद
शिकायत के अनुसार, जनवरी 2020 में अशोक ठकेरिया डिस्ट्रीब्यूटर के ऑफिस पहुंचे और शेमारू एंटरटेनमेंट के साथ हुए पुराने एग्रीमेंट की जानकारी दी. इसके बाद ग्रैंड मास्टर को फिल्म के राइट्स को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं रही. आरोप यह भी है कि 29 अक्टूबर 2020 को मारुति इंटरनेशनल और शेमारू के बीच एक सप्लीमेंट्री एग्रीमेंट हुआ. इसके तहत प्रोड्यूसर के पास फिल्म के राइट्स केवल एक सैटेलाइट चैनल तक सीमित रह गए.
इसी बीच, ग्रैंड मास्टर ने 20 मार्च 2020 को ‘धमाल’ के सिनेमैटोग्राफ कॉपीराइट के लिए आवेदन किया था. कंपनी को 28 अप्रैल 2023 को कॉपीराइट ऑफिस से CF-5230/2023 नंबर का कॉपीराइट सर्टिफिकेट भी मिला. विकास का दावा है कि कंपनी के पास अभी भी सरकारी कॉपीराइट सर्टिफिकेट और फिल्म की ओरिजिनल नेगेटिव मौजूद है. उन्होंने अपने दावों के समर्थन में संबंधित अधिकारियों को दस्तावेज भी सौंपे हैं.
Distributor Alleged Losses Worth Crore: डिस्ट्रीब्यूटर ने करोड़ों के नुकसान का लगाया आरोप
राइट्स को लेकर विवाद के कारण ग्रैंड मास्टर को कथित तौर पर बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ. विकास का कहना है कि राइट्स को लेकर स्थिति साफ नहीं होने की वजह से कई बड़े डिजिटल प्लेटफॉर्म के साथ डील नहीं हो सकी और इससे कंपनी को करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ.
विकास ने मामले को लेकर 2 जनवरी 2023 को आरोपियों को कानूनी नोटिस भी भेजा था. उनका दावा है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने के बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की, जिसके आधार पर अब FIR दर्ज की गई है.
About Film Dhamaal: ‘धमाल’ फिल्म के बारे में
‘धमाल’ सितंबर 2007 में रिलीज हुई थी. फिल्म में संजय दत्त, अरशद वारसी, जावेद जाफरी और रितेश देशमुख मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे. इंद्र कुमार के निर्देशन और अशोक ठकेरिया के प्रोडक्शन में बनी इस कॉमेडी फिल्म को दर्शकों ने काफी पसंद किया था. बाद में ‘धमाल’ एक सफल फ्रैंचाइज़ी में बदल गई और इसके कई सीक्वल भी बनाए गए.
यह भी पढ़ें: Dhamaal 4 Movie Review: इस बार कहानी और कॉमेडी को खोजने की नौबत आ गई है
