Durlabh Prasad Ki Dusri Shadi OTT Release: संजय मिश्रा और महिमा चौधरी स्टारर फैमिली ड्रामा फिल्म ‘दुर्लभ प्रसाद की दूसरी शादी’ अब थिएटर के बाद OTT पर रिलीज हो चुकी है. यह फिल्म 23 मार्च 2026 से JioHotstar पर स्ट्रीम हो रही है. छोटे शहर की इस मजेदार और इमोशनल कहानी में दिखाया गया है कि कैसे एक बेटे की शादी के लिए उसके पिता को खुद दूसरी शादी करनी पड़ती है. आइए पूरी डिटेल्स बताते हैं.
क्या है फिल्म की कहानी?
फिल्म की कहानी वाराणसी में रहने वाले दुर्लभ प्रसाद की है, जो एक विधुर हैं और छोटी सी नाई की दुकान चलाते हैं. वह अपने बेटे मुरली के साथ सादा जीवन जीते हैं. कहानी में मोड़ तब आता है जब मुरली को महक से प्यार हो जाता है. लेकिन महक के पिता एक शर्त रखते हैं कि वह अपनी बेटी की शादी ऐसे घर में नहीं करेंगे, जहां कोई महिला न हो. ऐसे में मुरली के सामने एक ही रास्ता बचता है, अपने पिता की दूसरी शादी करवाना.
इसके बाद शुरू होता है एक मजेदार और इमोशनल सफर, जहां मुरली अपने पिता के लिए दुल्हन ढूंढता है. इसी दौरान दुर्लभ की पुरानी प्रेमिका बबीता की एंट्री होती है, जिससे कहानी और दिलचस्प हो जाती है.
फिल्म की स्टार कास्ट
फिल्म में संजय मिश्रा ने दुर्लभ प्रसाद का किरदार निभाया है और उनका अभिनय काफी शानदार है. इसके अलावा महिमा चौधरी, व्योम यादव और पलक लालवानी भी अहम भूमिकाओं में नजर आते हैं.
फिल्म की खास बातें
यह फिल्म सिर्फ कॉमेडी नहीं है, बल्कि समाज में बुढ़ापे में शादी को लेकर सोच पर भी सवाल उठाती है. साथ ही, वाराणसी की गलियों और घाटों को खूबसूरती से दिखाया गया है, जो फिल्म को और भी असली बनाता है.
थिएटर्स में कैसा रहा रिस्पॉन्स?
थिएटर में रिलीज के बाद फिल्म को मिली-जुली से अच्छी प्रतिक्रिया मिली. जहां कलाकारों की एक्टिंग की तारीफ हुई, वहीं कुछ लोगों को फिल्म का दूसरा हिस्सा थोड़ा धीमा लगा.
कुल मिलाकर, यह वन टाइम वॉच मूवी जरूर है.
