Kiran Rao On Sonam Wangchuk: सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की छात्रों के अधिकारों को लेकर जारी 19 दिन की भूख हड़ताल को अब बॉलीवुड से लगातार सपोर्ट मिल रहा है. आमिर खान, सोनाक्षी सिन्हा और फातिमा सना शेख के बाद अब फिल्ममेकर किरण राव भी उनके सपोर्ट में उतर आई हैं. उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, "मैं सोनम वांगचुक, अभिजीत दिपके, CJP और इस देश के उन सभी नागरिकों के साथ खड़ी हूं, जो छात्रों के अधिकारों के लिए आवाज उठा रहे हैं. आप सभी ने हमें हमारी चुप्पी और उदासीनता से बाहर निकालने का काम किया है. हमें याद दिलाया है कि इस देश में हर आवाज मायने रखती है. इसके लिए पूरा देश आपका ऋणी है."
Kiran Rao Post: सोनम वांगचुक के सपोर्ट में क्या बोलीं किरण राव?
किरण राव ने अपने पोस्ट में आगे लिखा, "यह देखकर बेहद दुख होता है कि 19 दिन बीत जाने के बाद भी इस भूख हड़ताल को लगभग पूरी तरह नजरअंदाज किया जा रहा है. आखिर सत्ता में बैठे लोग जनता की आवाज कब सुनेंगे? यह स्थिति चौंकाने वाली भी है और अमानवीय भी. सरकार को प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत शुरू करनी चाहिए, छात्रों की परेशानियों को समझना चाहिए और इस मुद्दे का समाधान निकालना चाहिए. हम नागरिकों को अपनी बात रखने का अधिकार है और हमारी आवाज सुनी जानी चाहिए."
Aamir Khan On Sonam Wangchuk: आमिर खान ने भी तोड़ी थी चुप्पी
इससे पहले आमिर खान ने भी सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल पर प्रतिक्रिया दी थी. उन्होंने कहा था कि '3 इडियट्स' का फुनसुख वांगडू किरदार सोनम वांगचुक पर आधारित नहीं था और इसे लेकर लोगों के बीच गलतफहमी है. हालांकि उन्होंने सोनम वांगचुक के काम की सराहना करते हुए कहा था कि उनका सम्मान करने के लिए फिल्म से उनका जुड़ाव होना जरूरी नहीं है. आमिर ने उनकी सेहत को लेकर चिंता जताते हुए कहा था, "हम सभी उनकी सेहत और जिंदगी को लेकर चिंतित हैं. हम चाहते हैं कि सब कुछ अच्छे तरीके से खत्म हो और वह अपनी भूख हड़ताल समाप्त करके अपना ध्यान रखें."
