RD Burman Biopic: हिंदी सिनेमा के महान संगीतकार आरडी बर्मन (पंचम दा) की जिंदगी जल्द ही बड़े पर्दे पर नजर आ सकती है. खबर है कि एक्सेल एंटरटेनमेंट उनकी बायोपिक बनाने की तैयारी में है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म की शूटिंग ‘मिर्जापुर: द मूवी’ के प्रमोशन पूरे होने के बाद शुरू हो सकती है. माना जा रहा है कि फिल्म की शूटिंग प्रमोशन और रिलीज के आसपास शुरू करने की तैयारी है. इस अनाउंसमेंट के बीच फिल्म की स्टार कास्ट को लेकर भी कई तरह की खबरें सामने आ रही हैं. हालांकि, यह प्रोजेक्ट अभी आधिकारिक तौर पर अनाउंस नहीं हुआ है.
आरडी बर्मन की बायोपिक में इमरान हाशमी को लेकर क्या है सच?
कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि इमरान हाशमी इस फिल्म में मशहूर अभिनेता और फिल्ममेकर महमूद का किरदार निभा सकते हैं. हालांकि, इमरान ने खुद इन खबरों को गलत बताया है. ‘अवारापन 2’ की रिलीज का इंतजार कर रहे इमरान ने इंस्टाग्राम स्टोरी ने लिखा, “सिर्फ यह स्पष्ट करना चाहता हूं कि बायोपिक में महमूद साहब का किरदार निभाने को लेकर जो रिपोर्ट सामने आई है, वह गलत है. मुझे इस फिल्म के लिए अप्रोच नहीं किया गया है और न ही मैं यह फिल्म कर रहा हूं.”
महमूद की बायोपिक में राजेश खन्ना बनेंगे अक्षय कुमार?
आरडी बर्मन की बायोपिक से जुड़ी खबरों के बीच एक और दिलचस्प अपडेट सामने आया है. रिपोर्ट्स में फिल्म को नीरज पांडे के निर्देशन में बनाए जाने की बात कही जा रही है. खबर यह भी है कि फरहान अख्तर खुद पर्दे पर आरडी बर्मन का किरदार निभा सकते हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, अक्षय कुमार महमूद की बायोपिक में अपने दिवंगत ससुर और दिग्गज अभिनेता राजेश खन्ना का किरदार निभाने के लिए तैयार हो गए हैं. पिंकविला की रिपोर्ट के अनुसार, अक्षय कुमार ने इस खास हिस्से की शूटिंग के लिए करीब 10 दिन अलग रखे हैं. इस सीक्वेंस में राजेश खन्ना और आरडी बर्मन के बीच की दोस्ती और खास बॉन्ड को दिखाया जाएगा.
आरडी बर्मन और महमूद की दोस्ती की कहानी
आरडी बर्मन और महमूद का रिश्ता सिर्फ फिल्मों तक सीमित नहीं था. दोनों एक-दूसरे के बेहद करीबी दोस्त थे. महमूद ने फिल्म ‘पड़ोसन’ में आरडी बर्मन को लीड रोल ऑफर करने की भी कोशिश की थी. हालांकि, पंचम दा ने यह भूमिका करने से इनकार कर दिया और बाद में यह किरदार सुनील दत्त ने निभाया. आरडी बर्मन ने फिल्म के लिए मशहूर गाना ‘एक चतुर नार’ जरूर कंपोज किया था.
‘अवारापन 2’ में नजर आएंगे इमरान हाशमी
वहीं, इमरान हाशमी के वर्कफ्रंट की बात करें तो वह जल्द ही ‘अवारापन 2’ में नजर आने वाले हैं. फिल्म में वह एक बार फिर शिवम के किरदार में वापसी करेंगे. नितिन कक्कड़ के निर्देशन में बनी इस फिल्म में शबाना आजमी और दिशा पाटनी भी अहम भूमिकाओं में हैं. ‘अवारापन 2’ 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. बॉक्स ऑफिस पर इसका मुकाबला सनी देओल की ‘बंटवारा 1947’ से होगा.
ये भी पढ़ें: सनी देओल Vs इमरान हाशमी की होगी बॉक्स ऑफिस भिड़ंत, नहीं टलेगी ‘आवारापन 2’ की रिलीज, इस दिन आएगा ट्रेलर
