Box Office Report: इस संडे बॉक्स ऑफिस पर गजब का खेल हो गया. नई आई फिल्मों की सिट्टी-पिट्टी गुम रही और पुरानी फिल्मों ने कब्जा जमा लिया. जहां करीना कपूर और कुणाल खेमू की नई फिल्में चंद करोड़ बटोरने में हांफती दिखीं, वहीं 7 हफ्ते पुरानी 'हनुमान अंश' और 17 दिन पुरानी 'मिर्जापुर' ने एक बार फिर थिएटर्स में नोटों की बारिश कर दी. चलिए जानते हैं इस संडे को किस फिल्म ने कितने करोड़ बटोरे.
'दायरा' के लिए सुस्त रहा पहला वीकेंड
करीना कपूर और पृथ्वीराज सुकुमारन की नई फिल्म 'दायरा' को दर्शकों की तरफ से बहुत धीमी शुरुआत मिली है. मेघना गुलजार के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म ने शुक्रवार को सिर्फ 1 करोड़ रुपये से खाता खोला था. शनिवार को फिल्म ने थोड़ी बढ़त बनाई और 1.75 करोड़ रुपये कमाए. संडे को भी फिल्म की कमाई में कोई बड़ा उछाल नहीं आया और इसने 1.75 करोड़ रुपये ही बटोरे. इसके साथ ही फिल्म का पहले तीन दिनों का कुल कलेक्शन सिर्फ 4.50 करोड़ रुपये ही हो पाया है.
कुणाल खेमू की 'वाइब' ने 'दायरा' से किया बेहतर
कुणाल खेमू के डायरेक्शन में बनी फिल्म 'वाइब', जिसमें प्रीति जिंटा भी नजर आ रही हैं, उसने करीना की फिल्म से बेहतर प्रदर्शन किया. 'वाइब' ने शुक्रवार को 1.70 करोड़ रुपये कमाए थे. शनिवार को फिल्म की कमाई बढ़कर 2.75 करोड़ रुपये हुई और संडे को इसने 3 करोड़ रुपये की कमाई की. इस तरह फिल्म ने अपने पहले वीकेंड में 7.45 करोड़ रुपये का कुल कलेक्शन कर लिया है.
ये भी पढ़ें: Hanuman Ansh: रिलीज से पहले ही हुआ चमत्कार, नीम करोली बाबा की बेटी ने 'हनुमान अंश' देख 15 बार क्यों बहाए आंसू?
हॉलीवुड फिल्म 'रेजिडेंट ईविल' ने दोनों को पछाड़ा
नई रिलीज फिल्मों में हॉलीवुड की 'रेजिडेंट ईविल' बाजी मार ले गई. इस फिल्म ने बॉलीवुड की दोनों फिल्मों 'दायरा' और 'वाइब' को कमाई के मामले में पीछे छोड़ दिया. फिल्म ने शुक्रवार को 2.60 करोड़, शनिवार को 3.35 करोड़ और संडे को 3.65 करोड़ रुपये जुटाए. तीन दिनों के अंदर यह फिल्म 9.60 करोड़ रुपये कमाकर आगे निकल गई.
'मिर्जापुर द मूवी' का दबदबा जारी
पंकज त्रिपाठी, अली फजल और दिव्येंदु की 'मिर्जापुर द मूवी' का जादू तीसरे संडे को भी खूब चला. फिल्म ने पहले हफ्ते में 146 करोड़ और दूसरे हफ्ते में 55 करोड़ रुपये कमाए थे. इसके बाद तीसरे हफ्ते के शुक्रवार को 2.75 करोड़, शनिवार को 4.50 करोड़ और संडे को 5 करोड़ रुपये जुटाए. इस तरह 17 दिनों के अंदर 'मिर्जापुर द मूवी' ने कुल 215.70 करोड़ रुपये का शानदार बिजनेस कर लिया है.
ये भी पढ़ें: 2 करोड़ में बनी और कमा लिए 300 करोड़, Hanuman Ansh की रिकॉर्डतोड़ कमाई पर डायरेक्टर बोले- यह मेरी समझ से बाहर है
7वें हफ्ते में 'हनुमान अंश' का चमत्कार
सबसे ज्यादा हैरान करने वाली कमाई 'हनुमान अंश' की रही, जो अपने सातवें हफ्ते में भी रिकॉर्ड तोड़ रही है. फिल्म ने इस हफ्ते के शुक्रवार को 5 करोड़, शनिवार को 9.75 करोड़ और संडे को सीधे 13.75 करोड़ रुपये की बंपर कमाई की. सातवें हफ्ते में अब तक यह फिल्म 28.50 करोड़ रुपये कमा चुकी है और इसका कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 271.88 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है.
